सोशल मीडिया पर बॉलीवुड एक्ट्रेस अपने ग्लैमरस लुक्स के लिए अकसर ही वायरल होती रहती है. ठीक इसी बीच बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत का करवा चौथ के लुक की क्लिप तेजी से वायरल हो रही है. लेकिन इस क्लिप को यह दावा कर शेयर किया जा रहा है कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए करवा चौथ का व्रत रखा है.
क्या हो रहा है वायरल?
दरअसल, करवा चौथ के पावन मौके पर बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया. इस क्लिप से सोशल मीडिया यूजर्स यह दावा कर रहे है कि अभिनेत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य के लिए विशेष करवा चौथ की पूजा की है.
क्या है वायरल वीडियो की असलियत?
सोशल मीडिया पर जो वीडियो शेयर किया जा रहा है, उसमें लाल-रंग की खूबसूरत पटोला साड़ी और पारंपरिक गहनों में सजी कंगना रनौत किसी मंदिर में पूजा-अर्चना करती नजर आ रही हैं. करवा चौथ के दिन यह वीडियो सामने आने के बाद लोग तरह-तरह की चर्चा करने लगे.
लेकिन जांच में सामने आया कि यह वीडियो न तो करवा चौथ का है और न ही इसका इस व्रत से कोई दूर-दूर तक वास्ता है. असल में यह वीडियो इसी साल जून महीने का है, जब कंगना रनौत अपनी फिल्म ‘भारत भाग्यविधाता’ के प्रमोशन के सिलसिले में राजस्थान के जोधपुर पहुंची थीं. वहां उन्होंने प्रसिद्ध श्री चामुंडा माता और गजानन महाराज मंदिर में जाकर दर्शन किए थे.
PM Modi के कार्यकाल पूरे होने पर की थी प्रार्थना
जानकारी के अनुसार, जोधपुर दौरे के दौरान कंगना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 4,400 दिन कार्यालय में पूरे होने पर उनकी लंबी उम्र और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की थी. इस बात की पुष्टि खुद अभिनेत्री के उस पुराने इंस्टाग्राम पोस्ट से होती है, जिसे उन्होंने 11 जून को शेयर किया था.
अपने उस पोस्ट में कंगना ने लिखा था कि उन्होंने भगवान से प्रार्थना की है कि वे पीएम मोदी को असीम शक्ति और लंबी उम्र दें ताकि उनके नेतृत्व में देश का आने वाला दशक विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को छू सके.
इस जांच से यह साफ है कि उनका वह वीडियो राजनीतिक मील के पत्थर से जुड़ा था, जिसे अब करवा चौथ के नाम पर गलत रंग देकर वायरल किया जा रहा है. ऐसे में सोशल मीडिया पर बिना सोचे-समझे किसी भी पुरानी चीज को शेयर करने से बचना चाहिए.
यह भी पढ़ें: दलेर मेहंदी से विवाद के बाद मंत्री सुबोध को महिलाओं ने सुनाई खरी-खोटी? जानें वायरल वीडियो का सच
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






