Bharat Express DD Free Dish

NEET पेपर लीक मामले में वायरल फोटो की सच्चाई, शिक्षा मंत्री के साथ दिखी हमिला कौन?

Fact Check: NEET पेपर लीक मामले में सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है. शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ दिख रही महिला प्रोफेसर मनीषा मांढरे नहीं बल्कि पुणे मॉडर्न कॉलेज की प्रिंसिपल निवेदिता एकबोटे हैं.

Fact Check: नीट पेपर लीक विवाद के बीच एक फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही है. इस तस्वीर में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ एक महिला नजर आ रही है. दावा किया जा रहा है कि यह महिला प्रोफेसर मनीषा मांढरे हैं, जिन्हें हाल ही में NEET-UG पेपर लीक मामले में गिरफ्तार किया गया है.

पड़ताल में सामने आई सच्चाई

भारत एक्सप्रेस न्यूज ने इस वायरल दावे की जांच की और पाया कि तस्वीर में दिख रही महिला मनीषा मांढरे नहीं हैं. असल में यह महिला निवेदिता एकबोटे हैं, जो पुणे के मॉडर्न कॉलेज की प्रधानाचार्य हैं. साथ ही, वह महाराष्ट्र भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष भी हैं.

कैसे हुआ खुलासा?

फोटो को गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने पर यह तस्वीर निवेदिता एकबोटे के अकाउंट पर मिली. उन्होंने इसे 18 दिसंबर 2024 को शेयर किया था. कैप्शन में उन्होंने बताया था कि यह तस्वीर पुणे पुस्तक महोत्सव के दौरान ली गई थी, जहां उनकी मुलाकात शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से हुई थी. उन्होंने इस मुलाकात का अनुभव भी सोशल मीडिया पर साझा किया था.

निवेदिता एकबोटे ने क्या कहा?

निवेदिता ने खुद भी वायरल दावे का खंडन किया है. 18 मई 2026 को उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट करते हुए लिखा कि उनकी तस्वीर का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि यह तस्वीर एक सार्वजनिक कार्यक्रम की है और इसे भ्रामक तरीके से पेश करना निंदनीय है. उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी झूठी पोस्ट को शेयर न करें.

कौन हैं मनीषा मांढरे?

पड़ताल के दौरान हमें प्रोफेसर मनीषा मांढरे की असली तस्वीरें भी मिलीं. यह साफ हो गया कि वायरल फोटो में दिख रही महिला मनीषा मांढरे नहीं हैं. मनीषा मांढरे उन लोगों में शामिल हैं जिन्हें NEET पेपर लीक मामले में गिरफ्तार किया गया है.

नीट पेपर लीक विवाद

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने 3 मई 2026 को NEET-UG परीक्षा आयोजित की थी, जिसमें 23 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया. लेकिन पेपर लीक की खबर सामने आने के बाद 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई. इस मामले में प्रोफेसर मनीषा मांढरे समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है. फिलहाल जांच सीबीआई कर रही है और री-एग्जाम की तारीख 21 जून तय की गई है.

ये भी पढ़ें-21 साल, हाथ में गन: व्हाइट हाउस गेट पर गोलियां बरसाने वाला नासिर बेस्ट कौन है? पहली तस्वीर जारी

जांच में यह साफ हो गया कि वायरल फोटो में शिक्षा मंत्री के साथ दिख रही महिला मनीषा मांढरे नहीं बल्कि निवेदिता एकबोटे हैं. वह पुणे के मॉडर्न कॉलेज की प्रिंसिपल और बीजेपी युवा मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष हैं. इस तस्वीर को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है, जिससे लोगों को गुमराह किया जा रहा है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read