Bharat Express DD Free Dish

महिलाओं को जिंदा गाड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, क्या वायरल वीडियो की सच्चाई?

Fact check: सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो मध्य प्रदेश के रीवा का है, जिसमें महिलाओं को जिंदा दफनाने की कोशिश का दावा किया जा रहा है. क्या है वीडियो की सच्चाई?

Fact check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दो महिलाएं जमीन में गड़ी हुई दिखाई देती हैं. कई यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यह घटना हाल ही में मध्य प्रदेश के रीवा जिले में हुई है और दबंगों ने जमीन विवाद के चलते महिलाओं को जिंदा दफनाने की कोशिश की. इस पोस्ट को शेयर करते हुए लोग प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग भी कर रहे हैं.

क्या है असलियत?

भारत एक्सप्रेस न्यूज की पड़ताल में सामने आया कि यह घटना नई नहीं है. दरअसल, यह मामला जुलाई 2024 का है. उस समय जमीन के पट्टे को लेकर विवाद हुआ था और इसी दौरान महिलाओं पर डंपर में भरा मुरम पलट दिया गया था. इस घटना का वीडियो उसी समय वायरल हुआ था और पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया था.

वायरल पोस्ट में किए गए दावे

18 फरवरी 2026 को एक फेसबुक यूजर ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा कि यह भारत की तस्वीर है, जहां दबंगों ने महिलाओं को जिंदा गाड़ने की कोशिश की. पोस्ट में पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए गए लेकिन जांच में साफ हुआ कि यह दावा भ्रामक है और पुरानी घटना को नए रूप में पेश किया जा रहा है.

पहले भी फैलाए गए फर्जी दावे

यह वीडियो पहले भी जातीय एंगल जोड़कर वायरल किया गया था. उस समय भी इसकी पड़ताल हुई थी और सच्चाई सामने आई थी. गूगल न्यूज सर्च करने पर जुलाई 2024 की रिपोर्ट मिली, जिसमें साफ लिखा था कि रीवा जिले में रास्ता बनाने के विरोध के चलते महिलाओं पर डंपर से मुरम पलट दिया गया था. घटना शनिवार को हुई थी और रविवार को वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की थी.

पुलिस का क्या कहना है?

रीवा पुलिस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से भी इस मामले पर स्पष्टीकरण दिया था. पुलिस ने बताया था कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच पूरी की जा चुकी है.

ये भी पढ़ें-तकनीकी खराबी के चलते एक और तेजस हुआ दुर्घटनाग्रस्त, एयरफोर्स ने लिया बड़ा फैसला; जानें कितने हो चुके हैं क्रैश?

भारत एक्सप्रेस न्यूज की पड़ताल में यह साफ हुआ कि वायरल हो रहा वीडियो पुराना है और इसे भ्रामक दावे के साथ फैलाया जा रहा है. जुलाई 2024 में हुई इस घटना में पुलिस ने कार्रवाई की थी और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था. यानी सोशल मीडिया पर जो दावा किया जा रहा है, वह पूरी तरह गलत है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read