Bharat Express DD Free Dish

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की वायरल तस्वीरों के पीछे का सच, क्या है पूरा मामला?

सोशल मीडिया पर शिवराज सिंह चौहान की दो तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिनमें उनके हाथ पर पट्टी अलग-अलग तरफ नजर आ रही है.

Shivraj Singh Chouhan Viral Photo

Fact Check: सोशल मीडिया पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की दो तस्वीरों का कोलाज तेजी से वायरल हो रहा है. एक तस्वीर में उनके दाएं हाथ में पट्टी बंधी है जबकि दूसरी में बाएं हाथ पर पट्टी नजर आ रही है. दावा किया जा रहा है कि वे अपनी चोट को लेकर झूठ बोल रहे हैं.

पड़ताल में क्या पता चला?

हालांकि, भारत एक्सप्रेस न्यूज की पड़ताल में यह दावा गलत साबित हुआ. असल में दोनों में से एक तस्वीर असली है और दूसरी मिरर इमेज यानी उलटी तस्वीर है. दरअसल, साल 2019 में शिवराज सिंह चौहान के दाएं हाथ में फ्रैक्चर हुआ था और उसी वक्त की तस्वीर को अब गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है.

सोशल मीडिया पर फोटो वायरल

एक फेसबुक यूजर ने इन तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा, “मामा जी भी गजब के कलाकार हैं, सुबह बाया हाथ टूटा था, शाम को दाया हाथ भी टूट गया.”

वायरल तस्वीरों की जांच

भारत एक्सप्रेस ने वायरल तस्वीरों की जांच की और पाया कि एक तस्वीर सामने से ली गई है जबकि दूसरी सेल्फी कैमरे से क्लिक की गई है. सेल्फी में मिरर रिफ्लेक्शन होता है जिससे दाएं हाथ बाएं और बाएं हाथ दाएं नजर आता है.

कैसे मिला सबूत?

इसका सबूत तस्वीरों में शिवराज सिंह की शर्ट के बटन और उनके साथ खड़े बॉडीगार्ड की पॉकेट से भी मिलता है. नॉर्मल तस्वीर में शर्ट के बटन दाहिनी तरफ हैं, जो पुरुषों की शर्ट में आम होता है. वहीं सेल्फी वाली तस्वीर में बटन बाईं तरफ दिखते हैं जो मिरर इमेज का संकेत है.

कब ली गई थी तस्वीर?

यह तस्वीर 30 सितंबर 2019 को उनके ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर शेयर की गई थी, जिसमें साफ दिखता है कि उनके दाएं हाथ में नीले रंग की पट्टी बंधी है.

ये भी पढ़ें-Govardhan Puja 2025: कब मनाई जाएगी गोवर्धन पूजा? जानें शुभ मुहूर्त और महत्व

निष्कर्ष यह है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है. एक तस्वीर असली है, जबकि दूसरी मिरर इमेज है और यह दावा कि उन्होंने अपनी चोट को लेकर झूठ बोला यह पूरी तरह गलत है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read