Bharat Express DD Free Dish

World Cup में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने से 5 विकेट दूर शमी, इंग्लैंड के खिलाफ मैच में तोड़ा अगरकर का ये रिकॉर्ड

वर्ल्ड कप 2023 में मोहम्मद शमी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में शमी ने पांच विकेट झटके. वहीं इंग्लैंड के खिलाफ 4 विकेट लिए. भारत के लिए वर्ल्ड कप में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में वो दूसरे नंबर पर आ गए हैं. उनके पास नंबर एक बनने का मौका है.

Shami

विकेट लेने के बाद मोहम्मद शमी (सोर्स-X)

IND vs ENG: वर्ल्ड कप 2023 में रविवार को भारत और इंग्लैंड के बीच भिड़ंत हुई. जिसमें टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 100 रनों से हरा दिया. लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 229 रन बनाए. टारगेट का पीछा करने उतरी इंग्लिश टीम को भारतीय गेंदबाजों ने 129 रन पर ऑल आउट कर दिया. इस मैच के हिरो तीन खिलाड़ी रोहित शर्मा, मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह रहे. लेकिन मोहम्मद शमी ने जो गेंदबाजी की वो देखने लायक था.

मोहम्मद शमी ने तोड़ा अजित अगरकर का रिकॉर्ड

लखनऊ में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए मैच में मोहम्मद शमी का दिन था. शमी ने सात ओवर की गेंदबाजी की. इस दौरान उन्होंने 22 रन खर्च कर 4 विकेट झटके. अपनी स्पैल के दौरान शमी ने दो ओवर मेडन भी फेंके. उन्होंने जॉनी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स, मोइन अली और आदिल राशिद को पवेलियन भेजा. इस मैच में चार विकेट लेने के साथ ही शमी ने अजित अगरकर के रिकॉर्ड को तोड़ दिया. मोहम्मद शमी के लिए यह 13वां मौका था, जब उन्होंने 4 विकेट झटके हों.

ODI में सबसे ज्यादा बार 4 विकेट लेने वाले गेंदबाज

भारत के पूर्व दिग्गज अजित अगरकर वनडे में 4 विकेट लेने का कारनामा 12 बार कर चुके हैं. वहीं अब वनडे में सबसे ज्यादा बार एक मैच में 4 विकेट लेने का कारनामा करने वालों में मोहम्मद शमी का दर्ज हो गया है. वनडे में सबसे ज्यादा बार एक मैच में 4 विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में पहले स्थान पर मोहम्मद शमी (13 बार) हैं. दूसरे स्थान पर अजित अगरकर (12 बार), अनिल कुंबले (10 बार) और जवागल श्रीनाथ (10 बार) हैं.

ये भी पढ़ें-  VIDEO: KL Rahul को दूसरी बार मिला बेस्ट फील्डिंग के लिए अवार्ड, ड्रेसिंग रूम में ऐसे किया सेलिब्रेट

जहीर खान और कुंबले के रिकॉर्ड तोड़ने से 5 विकेट दूर हैं शमी

बता दें कि मोहम्मद शमी भारत के लिए तीसरा वर्ल्ड कप खेल रहे हैं. इससे पहले वो 2019 और 2015 के वर्ल्ड कप में खेल चुके हैं. तीन वर्ल्ड कप में शमी अब तक कुल 13 मैच खेले हैं. जिसमें उनके नाम 40 विकेट दर्ज है और वो भारत के लिए वर्ल्ड कप में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में दूसरे नंबर पर आ गये हैं. इस सूची में पहले नंबर पर पूर्व दिग्गज जहीर खान और अनिल कुंबले का नाम दर्ज है. दोनों के नाम वर्ल्ड कप में 44-44 विकेट दर्ज है. लेकिन मोहम्मद शमी के पास वर्ल्ड कप 2023 में इस रिकॉर्ड को तोड़ने का मौका है. अगर इस टूर्नामेंट में शमी आगे के मैचों में पांच विकेट और ले लेते हैं तो वो भारत के लिए वर्ल्ड कप में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read