Richest people in India
Richest People Of India: भारत में अमीर लोगों की ज्यादातर दौलत शेयर बाजार से जुड़ी हुई है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, इन अमीरों की 93% संपत्ति लिस्टेड कंपनियां यानी शेयर मार्केट से जुड़ी हैं. ये रिपोर्ट 360 ONE Wealth और रेटिंग एजेंसी CRISIL ने मिलकर बनाई है, जिसमें देश के 2,013 बड़े अमीर लोगों को शामिल किया गया है. इनकी कुल संपत्ति 100 लाख करोड़ रुपये से भी ज्यादा है.
सबसे अमीर कौन?
इस लिस्ट में सबसे अमीर हैं आकाश अंबानी और अनंत अंबानी, जिनकी कुल दौलत 3.59 लाख करोड़ रुपये है. महिलाओं में सबसे ऊपर हैं ईशा अंबानी हैं. रिपोर्ट कहती है कि अब महिलाएं देश की कुल संपत्ति में 24% की हिस्सेदार हैं. खास बात यह है कि फार्मा सेक्टर में महिलाओं की भागीदारी 33% तक पहुंच गई है.
अमीरों की राजधानी बनी मुंबई
मुंबई देश की दौलत की राजधानी बन गई है. यहां के 577 अमीर लोग पूरे देश की 40% संपत्ति को कंट्रोल करते हैं. इसके बाद दिल्ली दूसरे नंबर पर है, जहां के लोग 17% दौलत के मालिक हैं. इस लिस्ट में बेंगलुरु तीसरे नंबर पर है, जिसकी हिस्सेदारी 8% है.
कौन सेक्टर बना रहा है करोड़पति
इस रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे ज्यादा दौलत बैंकिंग सेक्टर में है. बैंकिंग सेक्टर में औसत करीब 8,500 करोड़ रुपये प्रति व्यक्ति का है . इसके बाद टेलीकॉम (8,400 करोड़) और एविएशन (7,900 करोड़) सेक्टर आते हैं. फार्मा, आईटी और फाइनेंशियल सर्विस सेक्टर मिलकर देश की 26% दौलत बना रहे हैं.
बड़े बिजनेस ग्रुप्स की कितनी संपत्ति?
रिलायंस, अडानी और टाटा ग्रुप की प्रमोटर फैमिलियों के पास कुल मिलाकर 36 लाख करोड़ रुपये की दौलत है. ये देश की कुल प्रमोटर वेल्थ का 24% हिस्सा है.
नए जमाने के अरबपति कहां से आ रहे हैं?
आज जो युवा (40 साल से कम उम्र के) अरबपति बन रहे हैं, उनकी संपत्ति का बड़ा हिस्सा डिजिटल इंडिया से आया है. Zerodha, Upstox, Urban Company, Swiggy, PhysicsWallah, Unacademy जैसे स्टार्टअप्स ने नए अमीरों की फौज खड़ी कर दी है. अब भारत में करोड़पति बनना पहले से कहीं आसान हो गया है.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




