Bharat Express DD Free Dish

बस दो दिन और…दिल्ली-NCR को तपती धूप से मिल जाएगी राहत? जानें कैसा रहेगा आपके शहर का हाल

Aaj Ka Mausam: देशभर में आज (9 जून) मौसम के दो अलग रूप दिख रहे हैं. उत्तर भारत के मैदानी इलाकों और जम्मू में जहां भीषण लू का प्रकोप जारी है, वहीं पूर्वोत्तर के 6 राज्यों और दक्षिण भारत में मानसून की तूफानी एंट्री से मूसलाधार बारिश हो रही है.

Aaj Ka Mausam Heatwave In Delhi Monsoon Heavy Rain In South India

AI IMAGE

Aaj Ka Mausam: आज यानी 9 जून को देश का मौसम पूरी तरह दो विरोधाभासी रंगों में रंगा नजर आ रहा है. एक तरफ जहां उत्तर भारत के मैदानी इलाके भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में झमाझम बारिश के साथ मानसून ने अपना जलवा दिखाना शुरू कर दिया है.

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून बुलेट की रफ्तार से आगे बढ़ते हुए त्रिपुरा, मिजोरम, नागालैंड, मणिपुर, असम और अरुणाचल प्रदेश के कई हिस्सों में दाखिल हो चुका है. अगले दो-तीन दिनों में ये छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर के बाकी बचे इलाकों को भी पूरी तरह कवर कर लेगा. राहत और आफत के इस अनोखे वेदर सिस्टम के बीच आइए जानते हैं कि आज आपके राज्य में मौसम का क्या हाल रहने वाला है.

दिल्ली-NCR: बस दो दिन का इंतजार

दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और ग्रेटर नोएडा में रहने वाले लोगों को फिलहाल झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ेगा. आज और कल यानी 10 जून तक दिल्ली-एनसीआर में सूरज के तीखे तेवर बरकरार रहेंगे और अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 से 29 डिग्री के आसपास रहेगा.

इस दौरान दोपहर के समय गर्म हवाएं परेशान करेंगी. लेकिन अच्छी खबर ये है कि 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहा है, जिससे दिल्ली के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा. 11 जून को गरज-चमक के साथ बारिश की शुरुआत होगी और 12 तथा 13 जून को आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश होने से पारा लुढ़ककर सीधे 36 डिग्री सेल्सियस पर आ जाएगा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी.

उत्तर प्रदेश: जल्द करवट लेगा मौसम

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और जानलेवा लू का प्रकोप चरम पर है, जहां कानपुर, प्रयागराज और बनारस में पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, वहीं बांदा में 44 डिग्री और आगरा, अलीगढ़ व राजधानी लखनऊ में तापमान 43 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है. मेरठ में भी अधिकतम तापमान 41 डिग्री रहने से राहत की कोई उम्मीद नहीं है और दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक लोगों को घरों में ही रहने की सलाह दी गई है.

हालांकि, पश्चिमी यूपी के शुष्क मौसम के बीच राहत की खबर ये है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के अयोध्या, बलिया, बस्ती और गोंडा समेत लखनऊ में 10 जून के बाद मौसम करवट लेगा और 11 से 13 जून के बीच तेज आंधी व गरज-चमक के साथ होने वाली बारिश से तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी.

मध्य प्रदेश में मौसम की अतरंगी चाल

मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक के साथ ही कई जिलों में आंधी-तूफान और आसमानी बिजली का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार हरदा, सीहोर, देवास, खंडवा और ओंकारेश्वर में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी और जोरदार बारिश होगी.

इसके अलावा इंदौर, भोपाल, उज्जैन, आगर, खरगोन, बुरहानपुर, नर्मदापुरम, पचमढ़ी, रायसेन, सागर, दमोह, नरसिंहपुर, बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, शाजापुर, राजगढ़, विदिशा, जबलपुर, कटनी, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, उमरिया, शहडोल, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर, सीधी और सिंगरौली में भी 40 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं.

राजस्थान: कहीं भीषण लू, तो कहीं बारिश

राजस्थान में भी मौसम दो हिस्सों में बंटा हुआ है. कल श्रीगंगानगर 45.6 डिग्री तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा. आज भी जैसलमेर, बीकानेर, बाड़मेर और चूरू समेत पांच जिलों में भीषण लू का अलर्ट है.

इसके उलट अलवर समेत सात पूर्वी जिलों में कल शाम को हुई बारिश से राहत मिली है, जहां आज भी आंधी-बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी. राजधानी जयपुर, कोटा, उदयपुर और सीकर में पारा 40 डिग्री के आसपास बना रहेगा, जबकि 11 जून से नया पश्चिमी विक्षोभ राजस्थान में प्री-मानसून को और मजबूत करेगा.

जम्मू में चलेगी लू, दक्षिण भारत के इन राज्यों में भारी बारिश

पहाड़ी राज्य जम्मू की बात करें तो अगले दो दिनों तक वहां मौसम शुष्क रहेगा और तापमान 42 से 43 डिग्री तक पहुंचने से लू जैसे हालात बने रहेंगे, लेकिन 11 जून से वहां भी पारा गिरेगा.

दूसरी तरफ, दक्षिण भारत के राज्यों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है. तटीय कर्नाटक, केरल, माहे, दक्षिण और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी गरज-चमक के साथ बारिश होगी.

तमिलनाडु के नीलगिरि, तिरुप्पुर, दिंडीगुल, थेनी, कन्याकुमारी, इरोड, सलेम, कोयंबटूर, तेनकासी और तिरुनेलवेली के पहाड़ी इलाकों में 50 किलोमीटर की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि राजधानी चेन्नई में तापमान 40 डिग्री के आसपास बना रहेगा. इसके अलावा कोंकण, गोवा, लक्षद्वीप और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भी अगले कुछ दिन बारिश की फुहारें बरसती रहेंगी.

ये भी पढ़ें: हिरणी को बेटी की तरह पाला, मेहंदी लगाकर दी विदाई, फलोदी के परिवार ने पेश की इंसानियत की मिसाल

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read