Bharat Express DD Free Dish

‘घर-घर पहुंचेगा मान सरकार का रिपोर्ट कार्ड’, पंजाब चुनाव से पहले AAP का नया ऐलान

पंजाब में आम आदमी पार्टी 20 सितंबर से घर-घर प्रचार अभियान शुरू करने जा रही है. 2.68 लाख कार्यकर्ता मान सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाएंगे.

AAP Mega Door To Door Campaign In Punjab From 20 September Bharat Express

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अभी से अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. आप के वरिष्ठ नेता और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के एक बड़े ‘डोर टू डोर’ अभियान का ऐलान किया. 20 सितंबर से शुरू हो रहे इस मेगा कैंपेन के जरिए पार्टी के कार्यकर्ता राज्य के कोने-कोने में जाकर भगवंत मान सरकार के कामकाज का लेखा-जोखा जनता के सामने रखेंगे.

धूरी से होगी शुरुआत

प्रेस कॉन्फ्रेंस में आप पंजाब के अध्यक्ष अमन अरोड़ा और कार्यकारी अध्यक्ष अमनशेर सिंह शेरी कलसी भी मौजूद रहे. मनीष सिसोदिया ने बताया कि 20 सितंबर से शुरू हो रहे इस अभियान की कमान खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान संभालेंगे और वह धूरी से इसकी शुरुआत करेंगे.

बता दें कि 19 सितंबर को लुधियाना में मुख्यमंत्री भगवंत मान चुनाव प्रचार के पैम्फलेट जारी करेंगे और इसी के साथ पार्टी के नए सदस्यता अभियान की भी शुरुआत की जाएगी.

प्रदेश के सभी 25,332 बूथों पर बनाई गईं कमेटियों के करीब 2,68,553 सदस्य हर घर तक पहुंचेंगे.

सिसोदिया ने गिनाए ढाई साल में हुए सारे काम

मनीष सिसोदिया ने मान सरकार के ढाई साल के काम गिनाते हुए कहा कि पार्टी ने 2022 में जो वादे किए थे, उन्हें पूरा किया है. बिजली-पानी की गारंटी पूरी होने से राज्य के एक औसत परिवार को सालाना करीब 1.82 लाख रुपये का फायदा हो रहा है.

उन्होंने कहा कि किसानों को दिन के वक्त बिजली और नहरी पानी मिल रहा है, सरकारी स्कूलों का कायाकल्प हुआ है और निजी स्कूलों की मनमानी फीस पर लगाम लगाई गई है. युवाओं को नौकरियां और व्यापारियों को पारदर्शी माहौल दिया गया है.

पिछली सरकारों के ‘रिपोर्ट कार्ड’ से होगी तुलना

इस अभियान के जरिए आप कार्यकर्ता पिछली अकाली-भाजपा और कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल की कमियों को भी जनता के सामने रखेंगे. पार्टी का मकसद लोगों को यह बताना है कि कैसे पिछली सरकारों ने पंजाब को कर्ज और नशे के दलदल में धकेला, जबकि मान सरकार उसे बाहर निकालने का काम कर रही है.

पंजाब अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने भरोसा जताया कि कार्यकर्ताओं की इस मेहनत के दम पर 2027 में आम आदमी पार्टी 2022 से भी बड़े जनादेश के साथ दोबारा सरकार बनाएगी.

यह भी पढ़ें: राधा अष्टमी 2026: बरसाना जाएं तो भूलकर भी न छोड़ें ये 5 पवित्र स्थान, जहां खिंचे चले आते हैं भक्त

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read