Bharat Express DD Free Dish

आप सांसद राघव चड्ढा की मांग, हर भारतीय को मिले एडवांस्ड एआई टूल्स का फ्री सब्सक्रिप्शन

आप सांसद राघव चड्ढा ने संसद में केंद्र सरकार से मांग की कि देश के हर नागरिक को एडवांस्ड एआई टूल्स जैसे चैटजीपीटी, जेमिनी और क्लॉड का मुफ्त सब्सक्रिप्शन मिले. उन्होंने बताया कि शिक्षा, कृषि, व्यापार और बुजुर्गों के जीवन में एआई कई बदलाव ला सकता है.

आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने बुधवार को संसद में एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया और केंद्र सरकार से मांग की कि देश के हर नागरिक को एडवांस्ड जनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) टूल्स जैसे चैटजीपीटी (चैटजीपीटी), जेमिनी (जैमिनी), क्लॉड (क्लाउड) और अन्य आधुनिक एआई प्लेटफॉर्म का मुफ्त सब्सक्रिप्शन उपलब्ध कराया जाए. आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस केवल एक तकनीक नहीं, बल्कि एक अवसर है, जो भारत के लोगों को बड़ा सपना देखने और उन्हें साकार करने की ताकत देता है.

बुजुर्गों के जीवन में एआई को वरदान बताया

उन्होंने कहा कि आज की दुनिया में एआई किसी भी सेक्टर में तेजी से बदलाव लाने की क्षमता रखता है. चाहे शिक्षा का क्षेत्र हो, कृषि, व्यापार या बुजुर्गों की मदद -हर जगह एआई समाज के लिए एक वरदान साबित हो सकता है.

आप सांसद राघव चड्ढा ने उदाहरण देते हुए बताया कि यूएई, सिंगापुर और चीन जैसे देश अपने नागरिकों को मुफ्त सब्सक्रिप्शन देकर एआई का लाभ पहुंचा रहे हैं. भारत जैसे विशाल और तकनीकी रूप से प्रगतिशील देश को भी इस दिशा में कदम उठाना चाहिए.

भारत के किसान एआई की मदद से मौसम की सही जानकारी और खेती के बेहतर तरीकों को समझ सकते हैं. छात्र इसे पढ़ाई, शोध और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में उपयोग कर सकते हैं. व्यापारी व कारोबारी अपने बिजनेस को आगे बढ़ाने और समय बचाने में इसका लाभ उठा सकते हैं.

सरकार से कदम उठाने का आग्रह

वहीं, बुजुर्ग लोग एआई के जरिए अपनी दैनिक जिंदगी को सरल और सहज बना सकते हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि एआई न केवल देश की उत्पादकता बढ़ाएगा बल्कि लोगों का बहुमूल्य समय भी बचाएगा. एआई को सही तरीके से अपनाकर भारत आने वाले वर्षों में वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अग्रणी बन सकता है. राघव चड्ढा ने सरकार से आग्रह किया कि डिजिटल इंडिया के मिशन को आगे बढ़ाने के लिए हर भारतीय को एडवांस्ड एआई टूल्स का मुफ्त सब्सक्रिप्शन तुरंत उपलब्ध कराया जाए, ताकि देश का हर नागरिक नई तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ सके.

ये भी पढ़े: IIM असम के स्थापना दिवस पर PM मोदी ने दी बधाई, कहा- IIM की स्थापना से शिक्षा के बुनियादी ढांचे में होगी बढ़ोतरी

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read