Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

एडवोकेट शाह जबीन क़ाज़ी को उर्दू की सेवा के लिए भारत एक्सप्रेस का विशेष सम्मान

‘बज़्म-ए-सहाफ़त’ में उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए किया गया सम्मानित। ‘बज़्म-ए-सहाफ़त’ के तहत आयोजित ‘उर्दू सहाफ़त कॉन्क्लेव’ में उर्दू भाषा और पत्रकारिता की मौजूदा स्थिति, इसके ऐतिहासिक योगदान, राष्ट्र निर्माण में उर्दू पत्रकारिता की भूमिका और राजनीतिक संवाद में उर्दू की भूमिका सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

Shah Jabeen Qazi Receives Special Award: उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार, शिक्षा और उसके विकास के लिए विशेष योगदान देने वाली अलक़ाज़ी उर्दू अकादमी एंड कोचिंग ट्रस्ट की संस्थापक एवं अध्यक्ष एडवोकेट शाह जबीन क़ाज़ी को भारत एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क की ओर से विशेष सम्मान से नवाज़ा गया। नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में राष्ट्रीय उर्दू भाषा विकास परिषद (NCPUL) के सहयोग से आयोजित ‘बज़्म-ए-सहाफ़त’ कार्यक्रम में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। एडवोकेट शाह जबीन क़ाज़ी को यह सम्मान सहारनपुर के सांसद एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इमरान मसूद, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रवक्ता आलोक वत्स तथा भारत एक्सप्रेस उर्दू के संपादक डॉ. खालिद रज़ा ख़ान ने प्रदान किया। इस अवसर पर उर्दू पत्रकारिता, साहित्य, राजनीति और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण हस्तियां मौजूद थीं।

एडवोकेट शाह जबीन क़ाज़ी ने जताया आभार

सम्मान मिलने पर एडवोकेट शाह जबीन क़ाज़ी ने भारत एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए बेहद उत्साहवर्धक है। उन्होंने कहा कि उर्दू भाषा, साहित्य और शिक्षा के विकास के लिए काम करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि ‘बज़्म-ए-सहाफ़त उर्दू कॉन्क्लेव’ जैसे प्रतिष्ठित कार्यक्रम में उनके कार्यों को पहचान और प्रोत्साहन मिलना उनके इस संकल्प को और मज़बूत करता है कि वह उर्दू भाषा के साथ-साथ नई पीढ़ी की शैक्षिक और साहित्यिक शिक्षा के लिए अपनी कोशिशें जारी रखेंगी। उन्होंने भारत एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क और कॉन्क्लेव की पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई भी दी। एडवोकेट शाह जबीन क़ाज़ी उर्दू भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न स्तरों पर सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। गरीब बच्चों को शिक्षा दिलाना, उनकी शिक्षा की व्यवस्था करना और उनकी आवश्यकताओं को पूरा करना वह अपना उद्देश्य मानती हैं। दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के मेवात जैसे क्षेत्रों में शैक्षिक जागरूकता पैदा करने के लिए भी वह लगातार सक्रिय रहती हैं। इसके अलावा उर्दू से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में भी वह बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती हैं।

‘बज़्म-ए-सहाफ़त’ के तहत उर्दू सहाफ़त कॉन्क्लेव

गौरतलब है कि ‘बज़्म-ए-सहाफ़त’ के तहत आयोजित ‘उर्दू पत्रकारिता कॉन्क्लेव’ में उर्दू भाषा और पत्रकारिता की मौजूदा स्थिति, इसके ऐतिहासिक योगदान, राष्ट्र निर्माण में उर्दू पत्रकारिता की भूमिका और राजनीतिक संवाद में उर्दू की भूमिका सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। कॉन्क्लेव के उद्घाटन सत्र में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य एवं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज़ हुसैन, पूर्व राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ पत्रकार शाहिद सिद्दीक़ी और एनसीएमईआई के कार्यवाहक अध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ.) शाहिद अख्त़र सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद रहे। भारत एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क के निदेशक एवं ग्रुप मैनेजिंग एडिटर राधेश्याम राय ने मुख्य वक्तव्य दिया, जबकि राष्ट्रीय उर्दू भाषा विकास परिषद के निदेशक डॉ. मोहम्मद शम्स इक़बाल ने परिचयात्मक वक्तव्य दिया। भारत एक्सप्रेस उर्दू के संपादक डॉ. खालिद रज़ा ख़ान ने स्वागत भाषण दिया और भारत एक्सप्रेस उर्दू के चीफ सब-एडिटर डॉ. निसार अहमद ख़ान ने कार्यक्रम का संचालन किया।

एनसीपीयूएल के इतिहास पर दिखाई गई डॉक्यूमेंट्री

उद्घाटन सत्र के बाद एनसीपीयूएल के इतिहास और उसकी गतिविधियों पर भारत एक्सप्रेस उर्दू की ओर से तैयार की गई डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। इसके बाद पैनल डिस्कशन का आयोजन हुआ। दूसरे सत्र में ‘राष्ट्र निर्माण में उर्दू पत्रकारिता की भूमिका’ और तीसरे सत्र में ‘राजनीतिक संवाद में उर्दू की भूमिका’ विषय पर विशेषज्ञों और पत्रकारों ने अपने विचार रखे। कॉन्क्लेव के अंतिम सत्र में उर्दू अकादमी, दिल्ली के सहयोग से ऑल इंडिया मुशायरा एवं कवि सम्मेलन का शानदार आयोजन किया गया। इसमें देश के जाने-माने शायरों और कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कर दर्शकों और श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
    Tags:

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital