Bharat Express DD Free Dish

अग्नि-प्राइम मिसाइल का सफल परीक्षण, नवरात्रि में भारत को मिली नई सैन्य शक्ति, DRDO को राजनाथ सिंह की बधाई

भारत ने 2000 किलोमीटर तक मारक क्षमता वाली अग्नि-प्राइम मिसाइल का सफल परीक्षण किया. यह लॉन्च रेल आधारित मोबाइल प्रणाली से हुआ.

अग्नि-प्राइम मिसाइल का सफल परीक्षण

भारत ने अपनी सैन्य ताकत को और मजबूत करते हुए अग्नि-प्राइम मिसाइल का सफल परीक्षण किया है. यह परीक्षण गुरुवार को ओडिशा के चांदीपुर में रेल आधारित मोबाइल लॉन्चर प्रणाली से किया गया. खास बात यह है कि यह मिसाइल चलती ट्रेन से भी लॉन्च की जा सकती है जिससे भारत की जवाबी कार्रवाई की क्षमता कई गुना बढ़ गई है.

क्यों है खास?

अग्नि-प्राइम एक मध्यम दूरी की मिसाइल है, जिसकी मारक क्षमता 1000 से 2000 किलोमीटर तक है. इसे न्यूक्लियर वॉरहेड ले जाने के लिए डिज़ाइन किया गया है यानी यह दुश्मन के लिए विनाशकारी साबित हो सकती है. इसे ‘साइलेंट स्ट्राइक मिसाइल’ कहा जा रहा है क्योंकि यह बिना किसी चेतावनी के दुश्मन को दूर से ही तबाह कर सकती है.

मौसम का कोई असर नहीं

इस मिसाइल को एक मजबूत कैनिस्टर में रखा जाता है जिससे इसे कहीं भी आसानी से ट्रांसपोर्ट किया जा सकता है और बिना लंबी तैयारी के तुरंत लॉन्च किया जा सकता है. मौसम का इस पर कोई खास असर नहीं पड़ता और बार-बार मेंटेनेंस की जरूरत भी नहीं होती. यह तकनीक सेना को बेहद कम समय में मिसाइल लॉन्च करने की क्षमता देती है.

अग्नि-1 और अग्नि-2 की तुलना में हल्की और ज्यादा आधुनिक

इस मिसाइल में डुअल स्टेज सॉलिड फ्यूल का इस्तेमाल होता है जिससे इसकी गति और भरोसेमंदी दोनों बढ़ जाती है. साथ ही इसमें एडवांस्ड इनर्शियल नेविगेशन सिस्टम और सैटेलाइट गाइडेंस भी है जिससे यह लक्ष्य पर सटीक मार कर सकती है. यह मिसाइल पुराने अग्नि-1 और अग्नि-2 की तुलना में हल्की और ज्यादा आधुनिक है.

रक्षा मंत्री ने दी बधाई

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस सफलता पर DRDO को बधाई दी और कहा कि यह लॉन्चिंग सिस्टम अपनी तरह का पहला है जो हर तरह के रेल नेटवर्क पर चलने की क्षमता रखता है. उन्होंने कहा कि भारत अब उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है जिनके पास चलते-फिरते रेल नेटवर्क से कैनिस्टराइज्ड लॉन्चिंग सिस्टम है.

इसे भी पढ़ें-लद्दाख में हिंसक प्रदर्शन का जिम्मेदार कौन, वांगचुक के किस बयान ने युवाओं को उकसाया?

भारत की नई शक्ति

अग्नि-प्राइम के सफल परीक्षण को नवरात्रि में सेना को मिली नई शक्ति के रूप में देखा जा रहा है. यह मिसाइल अब दुश्मनों के लिए नया काल बनकर सामने आएगी और भारत की शक्ति को नई ऊंचाई देगी.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read