Bharat Express DD Free Dish

अहमदाबाद रथयात्रा में इस बार क्यों जंजीरों में बांधे गए हाथियों के पैर? जानिए इसके पीछे की असली वजह

अहमदाबाद में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा के दौरान इस बार सुरक्षा के बेहद कड़े और अनोखे इंतजाम देखने को मिले. यात्रा में शामिल हाथियों के पैरों को जंजीरों से बांधा गया था और संकरे खड़िया पोल इलाके में पहुंचते ही पुलिस ने सड़क को खाली करा दिया.

Rath Yatra 2026, Jagannath Rath Yatra, Ahmedabad

Rath Yatra 2026: अहमदाबाद में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा पूरी धूमधाम से निकाली जा रही है. इस बार की यात्रा में सुंदर झांकियां और लाखों भक्तों का उत्साह देखने लायक है. लेकिन इस बार रथयात्रा में एक अलग नजारा देखने को मिला जिसने सबका ध्यान खींचा. यात्रा की अगुवाई कर रहे हाथियों को इस बार पैरों में जंजीर बांधकर लाया गया था. इतना ही नहीं जैसे ही रथयात्रा खड़िया पोल इलाके में पहुंची पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और सड़क पर खड़े लोगों को पीछे हटा दिया. आखिर प्रशासन को ऐसा फैसला क्यों लेना पड़ा? आइए जानते हैं.

पिछले साल की घटना से लिया सबक

दरअसल हाथियों के पैर बांधने के पीछे पिछले साल की एक बड़ी घटना है. पिछले साल रथयात्रा के दौरान अचानक तीन हाथी बेकाबू हो गए थे. भारी भीड़ और ढोल-नगाड़ों के शोर की वजह से हाथी घबरा गए थे और रास्ते पर अफरा-तफरी मच गई थी. हालांकि महावतों ने स्थिति को संभाल लिया था लेकिन इस बार पुलिस और प्रशासन कोई रिस्क नहीं लेना चाहते थे.

यही कारण है कि इस बार हाथियों की सुरक्षा और लोगों की सेफ्टी के लिए हाथियों के पैरों में जंजीरें बांधी गईं, ताकि भीड़ के बीच वे बिदक न जाएं. खड़िया पोल एक संकरा इलाका है इसलिए वहां पहुंचते ही सड़क को खाली करा दिया गया ताकि हाथियों को निकलने में कोई परेशानी न हो.

ये भी पढ़ें- जगन्नाथ रथयात्रा पर पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं, बोले- यह हमारी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक

अमित शाह ने की मंगला आरती

सुरक्षा के इन कड़े इंतजामों के बीच सुबह यात्रा की शुरुआत बहुत अच्छी रही. जमालपुर के जगन्नाथ मंदिर में सुबह 4 बजे गृह मंत्री अमित शाह ने मंगला आरती की. इसके बाद सुबह 7 बजे रथयात्रा रवाना हुई. नियम के अनुसार, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और हर्ष संघवी ने सोने की झाड़ू से रथ के आगे सफाई की, जिसे ‘पहिंद विधि’ कहते हैं. इन कड़े इंतजामों की वजह से इस बार यात्रा बहुत शांति से आगे बढ़ रही है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read