अहमदाबाद प्लेन हादसा
Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद विमान हादसे के बाद मृतकों की पहचान और उनके पार्थिव शरीरों को परिजनों तक पहुंचाने का काम तेजी से चल रहा है. जानकारी के अनुसार अब तक 245 लोगों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं.
सिविल अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने रविवार को बताया कि अब तक कुल 251 मृतकों के डीएनए सैंपल का मिलान हो चुका है. इनमें से 245 शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं, जबकि शेष छह परिवार जल्द ही अपने परिजनों के शव स्वीकार करेंगे.
अहमदाबाद में 70 शवों को सौंपा गया
डॉ. जोशी ने अहमदाबाद में 70, आनंद में 26, वडोदरा में 24, सूरत में 12, खेड़ा में 11, दीव में 14, उदयपुर, मेहसाणा, भरूच और गांधीनगर में सात-सात शव सौंपे गए हैं. इसके अलावा, गिर सोमनाथ में पांच, राजकोट और पाटन में तीन-तीन, अरावली और जामनगर में दो-दो, तथा बोटाद, जोधपुर, पालनपुर, जूनागढ़, अमरेली, महीसागर, भावनगर, नडियाद, साबरकांठा, नागालैंड, मोडासा, खंभात, पुणे और मणिपुर में एक-एक शव सौंपा गया है. महाराष्ट्र और राजस्थान में दो-दो, जबकि मुंबई, लंदन और पटना में 10-10 शव परिजनों को सौंपे गए गया हैं. द्वारका में दो शवों की सुपुर्दगी की गई है.
ये भी पढ़ें- Iran Israel Conflict: ईरान पर इज़रायली वायुसेना का बड़ा हमला, दर्जनों सैन्य ठिकाने किए तबाह
शीघ्रता से किया जा रहा कार्य
उन्होंने बताया कि डीएनए सैंपल मिलान की प्रक्रिया अत्यंत संवेदनशील होती है, जिसमें कई कानूनी पहलू भी शामिल होते हैं. इसलिए यह कार्य बेहद गंभीरता, सटीकता और शीघ्रता से किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी, अन्य संबद्ध संस्थान, स्थानीय प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, राज्य सरकार और अन्य संबंधित एजेंसियां मिलकर यह सुनिश्चित करने में जुटी हैं कि मृतक का पार्थिव शरीर सम्मानपूर्वक और उचित पहचान के साथ उनके परिजनों को सौंपा जा सके. यह राहत एवं पुनर्वास का एक महत्वपूर्ण चरण है, जो प्रशासन की प्राथमिकता बना हुआ है.
241 लोगों की हुई थी हादसे में मौत
उल्लेखनीय है कि एयर इंडिया विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी सहित विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत हो गई थी. साथ ही विमान बीजे मेडिकल कॉलेज के होस्टल टकराने से कुछ एमबीबीएस छात्रों की भी उसकी चपेट में आकर मौत हो गई थी. हादसे में सिर्फ एक विमान यात्री की जान बची है, जो भारतीय मूल का ब्रिटिश नागरिक है.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




