एयर इंडिया ने 12 जून 2025 को हुई AI171 विमान दुर्घटना के बाद एहतियातन लागू की गई ‘सेफ्टी पॉज़’ के चलते घटाई गई उड़ानों की आंशिक बहाली की घोषणा की है. कंपनी ने बताया कि इस दौरान बोइंग 787 विमानों की अतिरिक्त सावधानीपूर्वक जांच की गई और पाकिस्तान व मिडिल ईस्ट के ऊपर से हवाई मार्ग बंद होने के कारण बढ़े हुए उड़ान समय को भी ध्यान में रखा गया. अब 1 अगस्त 2025 से कुछ उड़ानों को फिर से शुरू किया जाएगा और पूरी बहाली 1 अक्टूबर 2025 से की जाएगी.
दिल्ली-लंदन समेत कई मार्गों पर उड़ानें शुरू
एयर इंडिया ने नई उड़ानों और बढ़ी हुई फ्रीक्वेंसी की जानकारी भी दी है. 1 अगस्त से 30 सितंबर तक अहमदाबाद से लंदन (हीथ्रो) के बीच हफ्ते में तीन नई उड़ानें संचालित होंगी, जो वर्तमान में अहमदाबाद से लंदन (गैटविक) के बीच चल रही पांच उड़ानों की जगह लेंगी. दिल्ली-लंदन (हीथ्रो) मार्ग पर पहले कम की गई दो उड़ानें फिर से शुरू की जाएंगी, जिससे कुल साप्ताहिक उड़ानों की संख्या 24 हो जाएगी. दिल्ली-ज़्यूरिख मार्ग पर भी एक अतिरिक्त उड़ान जोड़कर हफ्ते में चार की बजाय पांच उड़ानें की जाएंगी. इसी तरह दिल्ली-टोक्यो (हनेडा) और दिल्ली-सियोल (इंचियोन) के लिए भी दो-दो उड़ानें बहाल की जाएंगी.

हालांकि कुछ मार्गों पर अभी भी कटौती जारी रहेगी. बेंगलुरु-लंदन (हीथ्रो) मार्ग पर उड़ानों की संख्या 1 अगस्त से घटकर चार साप्ताहिक रह जाएगी, दिल्ली-टोरंटो मार्ग पर 13 से घटकर सात साप्ताहिक उड़ानें होंगी और दिल्ली-वैंकूवर पर भी उड़ानों की संख्या कम रहेगी. इसके अलावा दिल्ली-पेरिस, दिल्ली-मिलान, दिल्ली-विएना और दिल्ली-एम्सटरडम समेत कई अन्य मार्गों पर भी उड़ानों की संख्या सीमित रहेगी.
वहीं अमृतसर-लंदन (गैटविक), गोवा (मोपा)-लंदन (गैटविक), बेंगलुरु-सिंगापुर और पुणे-सिंगापुर मार्गों पर उड़ानों का संचालन 30 सितंबर तक अस्थायी रूप से निलंबित रहेगा. एयर इंडिया ने यात्रियों से असुविधा के लिए खेद जताते हुए उन्हें वैकल्पिक उड़ानों या पूर्ण रिफंड की सुविधा देने का आश्वासन दिया है. एयर इंडिया का कहना है कि आंशिक बहाली के बाद भी कंपनी हर हफ्ते 525 से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित करती रहेगी और अक्टूबर 2025 से सभी सेवाओं को पूरी तरह से बहाल कर दिया जाएगा.
ये भी पढ़े: SCO में हुआ पहलगाम हमले का जिक्र, चीन-पाकिस्तान को एस जयशंकर का कड़ा संदेश
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




