Bharat Express DD Free Dish

‘जीने-मरने का चुनाव…’,अखिलेश यादव ने सपा नेताओं को दिया सियासी अनुशासन का पाठ

UP Election 2027 की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 86 आरक्षित सीटों के नेताओं को भाषा और व्यवहार में संयम रखने की नसीहत दी है. साथ ही, उन्होंने BJP की रणनीतियों से सतर्क रहने का कड़ा संदेश भी दिया है.

Akhilesh Yadav Advises SP Leaders On Language And Behavior For UP Election 2027

उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की बिछी बिसात के बीच समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अभी से पूरी तरह एक्टिव नजर आ रहे हैं. चुनावी मैदान में उतरने से पहले उन्होंने अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए ‘लक्ष्मण रेखा’ खींच दी है. लखनऊ स्थित सपा राज्य मुख्यालय पर हुई एक अहम बैठक में अखिलेश यादव ने राज्य की 86 आरक्षित विधानसभा सीटों के ब्लॉक प्रभारियों, अध्यक्षों और प्रमुख नेताओं को सख्त हिदायत दी है कि वे अपनी जुबान और आचरण पर पूरा नियंत्रण रखें.

चुनावी अनुशासन की दी नसीहत

शुक्रवार को हुई इस बैठक में अखिलेश यादव ने दो टूक शब्दों में कहा कि चुनाव जीतने के लिए सिर्फ नारे लगाना काफी नहीं है, बल्कि कार्यकर्ताओं का संयमित व्यवहार भी बेहद अहम है. उन्होंने पार्टी के सिपहसालारों को चेताया कि बीजेपी चुनावी माहौल बिगाड़ने और उकसाने के लिए कई तरह की सियासी चालें चलेगी, इसलिए किसी भी झांसे में आने के बजाय पूरी सूझबूझ और सावधानी के साथ मैदान में डटे रहना होगा.

अखिलेश ने साफ तौर पर कहा कि 2027 का यह मुकाबला पार्टी के लिए ‘जीने-मरने’ जैसा है और लोकतंत्र को बचाने के लिए समाजवादी पार्टी पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है. यही वजह है कि उन्होंने कार्यकर्ताओं को सलाह दी कि वे ऐसी किसी भी बयानबाजी से बचें, जिससे पार्टी की छवि पर आंच आए या विरोधियों को बेवजह का मुद्दा मिलने का मौका मिले.

PDA फॉर्मूला और सरकार पर तीखा हमला

इस दौरान अखिलेश यादव ने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था के मुद्दों को लेकर बीजेपी सरकार को आड़े हाथों लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने जनता से किए गए वादे पूरे नहीं किए हैं और सिर्फ नफरत की राजनीति कर समाज को बांटने का काम कर रही है. उन्होंने कहा कि असली सनातनी कभी किसी से नफरत नहीं सिखाता.

सपा प्रमुख ने पार्टी के ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) एजेंडे पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी का मुख्य फोकस सामाजिक न्याय की इस धारा को जमीन पर उतारना है. उन्होंने वादा किया कि अगर राज्य में समाजवादी सरकार बनती है, तो किसानों की खुशहाली, युवाओं को रोजगार, बेहतर कानून-व्यवस्था और प्रदेश का संतुलित विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी.

कुल मिलाकर, 86 आरक्षित सीटों के नेताओं के साथ हुई इस मैराथन बैठक के जरिए अखिलेश ने यह संदेश दे दिया है कि 2027 की लड़ाई में अनुशासनहीनता के लिए कोई जगह नहीं होगी. पार्टी पूरी रणनीति के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है.

यह भी पढ़ें: पीएम मोदी का फिलीपींस दौरा लाएगा रंग: आसियान बाजार का गेटवे बन रहा भारत

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read