बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सियासी बयानबाजी चरम पर है. इसी बीच राजद (RJD) के विधान परिषद सदस्य (MLC) सुनील सिंह ने एक बड़ा बयान देकर राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है. उन्होंने कहा कि अगर मतगणना के दौरान किसी तरह की धांधली या हेराफेरी की गई, तो इसका परिणाम बेहद गंभीर होगा. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि “अगर चुनाव में गड़बड़ी हुई, तो बिहार की सड़कों पर नेपाल या बांग्लादेश जैसे हालात पैदा हो जाएंगे.”
सुनील सिंह ने कहा कि इस बार बिहार की जनता पूरी तरह जागरूक है. उन्होंने कहा कि आम लोग अब किसी के बहकावे में आने वाले नहीं हैं और राजद कार्यकर्ता तथा महागठबंधन के समर्थक पूरी तरह सतर्क हैं. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि “हम एक प्रतिशत भी गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं करेंगे.”
राजद नेता ने प्रशासनिक अधिकारियों और चुनाव आयोग के कर्मचारियों से ईमानदारी से काम करने की अपील की. उन्होंने कहा, “मैं सभी अधिकारियों से निवेदन करता हूं कि गिनती के दौरान निष्पक्षता बनाए रखें. सच और झूठ को अलग करें और अपने कर्तव्यों का पालन पूरी निष्ठा से करें. किसी के इशारे पर काम न करें.”
Patna, Bihar: On the 2025 Bihar Assembly elections, RJD MLC Sunil Singh says, “…If there is fraud in the elections, Bihar will be turned into another Nepal or Bangladesh. Ordinary people are vigilant, and our workers and coalition supporters are on alert we will not tolerate… pic.twitter.com/FJgBGgRQ5y
— IANS (@ians_india) November 13, 2025
‘धांधली के परिणाम गंभीर होंगे’
सुनील सिंह ने आगे कहा कि अगर चुनाव परिणामों में किसी तरह की धांधली पाई गई, तो इसके परिणाम गंभीर होंगे और जिम्मेदार लोग ज्यादा दिनों तक सत्ता में नहीं टिक पाएंगे. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की शक्ति सर्वोपरि है और किसी भी तरह की हेराफेरी से जनता को धोखा नहीं दिया जा सकता.
‘इस बार जनता बदलाव के मूड में’
उन्होंने अपने संबोधन में मतदाताओं को भी जागरूक रहने का संदेश दिया और कहा कि इस बार जनता बदलाव के मूड में है. लोग विकास, रोजगार और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर वोट देंगे, ना कि जाति या धर्म के नाम पर.
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर अब सभी राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. जहां एक ओर बीजेपी और एनडीए सरकार में वापसी की कोशिश में हैं, वहीं राजद और महागठबंधन जनता के बीच ‘परिवर्तन’ का संदेश लेकर उतरे हैं. मतगणना से पहले सभी दलों के नेता अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं, लेकिन आरजेडी नेता सुनील सिंह का यह बयान चुनावी माहौल को और गर्म करने वाला साबित हो सकता है.
ये भी पढ़ें: बिहार JDU में जश्न की तैयारी! ‘टाइगर अभी जिंदा है’ और ‘हम सबकी सरकार’ के लगे पोस्टर
- भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



