7 अक्टूबर को विकसित भारत संकल्प सभा
गुरुग्राम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के तहत आगामी 7 अक्टूबर को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है. लेजर वैली ग्राउंड में आयोजित होने वाली विकसित भारत संकल्प सभा – सेवा ज्योति यात्रा को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं. इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करने आ रहे हैं.
बीजेपी नेताओं ने लिया तैयारियों का जायजा
गृह मंत्री के आगमन को लेकर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता, वरिष्ठ बीजेपी नेता विपुल गोयल और विधायक मुकेश शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया. बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा, मंच व्यवस्था, वीआईपी मूवमेंट और आम जनता के बैठने के इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की.
अधिकारियों को मिले सख्त निर्देश
नेताओं ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए ताकि कार्यक्रम पूरी तरह से सुव्यवस्थित और बिना किसी रुकावट के संपन्न हो सके. इस निरीक्षण के दौरान नेताओं ने पंडाल की क्षमता, गाड़ियों की पार्किंग व्यवस्था, पानी, बिजली की सुचारू आपूर्ति और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं जैसे प्रमुख बिंदुओं पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की.
गृह मंत्री की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम
केंद्रीय गृह मंत्री की सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास के पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं. पुलिस और खुफिया विभाग के आला अधिकारी लगातार सुरक्षा घेरे को मजबूत करने में जुटे हैं, जिसकी समीक्षा भी इस दौरे के दौरान की गई.
‘सेवा और सुशासन से ही विकसित भारत का लक्ष्य पूरा होगा’
विधायक मुकेश शर्मा पहलवान ने कहा कि सेवा और सुशासन का संकल्प जब जनभागीदारी से जुड़ता है, तभी विकसित भारत का लक्ष्य और मजबूत होता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के बेदाग और जनकल्याणकारी नेतृत्व से प्रेरणा लेकर इस सेवा संकल्प अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है.
‘यह सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, महा-अभियान है’
विपुल गोयल ने बताया कि यह आयोजन केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह देश के 25 वर्षों के विकास और सेवा यात्रा से प्रेरणा लेकर विकसित भारत के संकल्प को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का एक बड़ा महा-अभियान है.
‘गुरुग्राम समेत कई जिलों से आएंगे लोग’
प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने विश्वास व्यक्त किया कि इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में गुरुग्राम और आसपास के जिलों से रिकॉर्ड संख्या में लोग शिरकत करेंगे. आम जनता में इस यात्रा को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है. संगठन का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है ताकि विकसित भारत का यह संदेश हर घर तक पहुंचे.
सुबह 10 बजे शुरू होगा कार्यक्रम
डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों, यात्रा के रूट, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं. यह कार्यक्रम महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती उद्यान यानी लेजर वैली में सात अक्टूबर को सुबह 10 बजे आरंभ होगा.
ये भी पढ़ें-भोपाल में अमित शाह ने किया गोपालक सम्मेलन को संबोधित, बोले- सहकारिता से बढ़ेगी पशुपालकों की कमाई
कार्यक्रम के बाद चारों विधानसभाओं के लिए निकलेगी मशाल यात्रा
कार्यक्रम के बाद चारों विधानसभा के लिए मशाल यात्रा भी रवाना होगी. इस आयोजन में गुरुग्राम के साथ-साथ फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी और झज्जर जिला से भी लोगों की भागीदारी होगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




