केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में तेलंगाना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को सम्मानित किया. यह सम्मान उन्हें माओवादी गतिविधियों को नियंत्रित करने और तेलंगाना को नक्सल-मुक्त बनाने में अहम भूमिका निभाने के लिए दिया गया. इस मौके पर गृहमंत्री अमित शाह ने तेलंगाना पुलिस के साहस, बलिदान और समन्वित प्रयासों की जमकर सराहना की.
कार्यक्रम में मौजूद रहे शीर्ष अधिकारी
इस महत्वपूर्ण अवसर पर तेलंगाना के डीजीपी सीवी आनंद, राज्य सुरक्षा सलाहकार बी. शिवधर रेड्डी, डीजीपी ऑपरेशंस (ऑक्टोपस और ग्रेहाउंड) डॉ. अनिल कुमार और मलकाजगिरी पुलिस कमिश्नर एवं पूर्व एसआईबी आईजीपी बी. सुमति समेत एसआईबी (SIB) की समर्पित टीम भी मौजूद रही.
डीजीपी सीवी आनंद ने जताया गर्व और आभार
इस पर खुशी जाहिर करते हुए तेलंगाना के पुलिस प्रमुख (डीजीपी) सीवी आनंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “तेलंगाना पुलिस के लिए यह एक गर्व का क्षण है, क्योंकि वामपंथी उग्रवाद से निपटने और स्थायी शांति सुनिश्चित करने के हमारे प्रयासों को छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा सराहा गया. मुझे तेलंगाना पुलिस की ओर से यह सम्मान प्राप्त करने का सौभाग्य मिला.”
ग्रेहाउंड और ऑक्टोपस यूनिट्स को समर्पित किया सम्मान
डीजीपी ने इस सफलता का श्रेय पूरी टीम को देते हुए कहा, “यह सम्मान तेलंगाना पुलिस के हर अधिकारी और जवान का है, विशेष रूप से ग्रेहाउंड, इंटेलिजेंस, ऑक्टोपस और फील्ड यूनिट्स का, जिनके साहस, बलिदान और समन्वित प्रयासों ने तेलंगाना को ‘नक्सल-मुक्त’ राज्य बनाने में अहम भूमिका निभाई.
ये भी पढ़ें: ट्विशा शर्मा का नया CCTV फुटेज! आखिर क्या हुआ था उस रात? पति समर्थ फरार, मां की WhatsApp चैट वायरल
उन्होंने आगे कहा कि वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने ‘नक्सल-मुक्त भारत’ के स्वप्न को साकार करने की दिशा में तेलंगाना पुलिस के योगदान को मान्यता दी. तेलंगाना पुलिस पूरी निष्ठा और पेशेवर दक्षता के साथ शांति, सुरक्षा और जन-कल्याण की रक्षा के प्रति सदैव प्रतिबद्ध है.
नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


