Amit Shah
पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के सप्तग्राम में बुधवार (22 अप्रैल) को चुनाव प्रचार के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) अलग अंदाज में नजर आए. रैली के बाद वे सीधे लोगों के बीच पहुंचे और खासकर महिलाओं से बातचीत की. उन्होंने उनका हालचाल पूछा और भाजपा को समर्थन देने की अपील की.
‘फॉर्म भर दिया या नहीं?’- अमित शाह
अमित शाह ने वहां मौजूद महिलाओं से पूछा कि क्या वे ठीक हैं. इसके बाद उन्होंने भाजपा की एक संभावित योजना का जिक्र करते हुए कहा कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो महिलाओं को हर महीने 3000 रुपये देने की योजना लागू की जाएगी. उन्होंने पूछा कि क्या उन्होंने इसके लिए फॉर्म भर दिया है.
इस पर महिलाओं ने जवाब दिया कि उन्होंने फॉर्म भर दिया है. बातचीत के दौरान शाह ने यह भी पूछा कि क्या वे ममता बनर्जी की सरकार से बदलाव चाहती हैं. इस सवाल पर भी लोगों ने सहमति में जवाब दिया.
‘कमल खिलने के लिए तैयार है’- अमित शाह
इस मुलाकात का वीडियो शेयर करते हुए अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत का माहौल बन रहा है और राज्य में ‘कमल खिलने के लिए तैयार है’.
Lotus is set to bloom in Bengal. pic.twitter.com/I7hfDQDf2R
— Amit Shah (@AmitShah) April 22, 2026
रैली में ममता सरकार पर हमला
सभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कई आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता है और कई बार कहा जाता है कि शाम के बाद घर से बाहर निकलना सुरक्षित नहीं है. उन्होंने दावा किया कि बीजेपी सरकार बनने पर हालात बदलेंगे और महिलाएं सुरक्षित महसूस करेंगी. शाह ने कहा कि यहां तक कि एक छोटी बच्ची भी बिना डर के रात में बाहर जा सकेगी.
ये भी पढ़ें: ईरान-अमेरिका की जंग रुकवाए भारत? रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आया बड़ा बयान
घुसपैठ और सुरक्षा का मुद्दा
अमित शाह ने घुसपैठ के मुद्दे को भी उठाया. उन्होंने कहा कि सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन की जरूरत है, लेकिन राज्य सरकार सहयोग नहीं कर रही. उन्होंने दावा किया कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो 45 दिनों के भीतर सीमा पर बाड़ लगाने का काम पूरा किया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि घुसपैठिए नौकरी और संसाधनों पर असर डाल रहे हैं और देश की सुरक्षा के लिए खतरा हैं. अमित शाह ने आरोप लगाया कि ममता सरकार उन्हें रोकने के बजाय बचाने की कोशिश करती है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

