Bharat Express DD Free Dish

अमित शाह ने लालू परिवार पर किया तीखा हमला, कहा- बिहार का विकास नहीं कर सकते

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के डेहरी में एक सभा को संबोधित करते हुए राजद, लालू परिवार और विपक्षी दलों पर कड़ा हमला बोला. उन्होंने एनडीए को राज्य के विकास का एकमात्र विकल्प बताया और कार्यकर्ताओं से 80% सीटें जिताने की अपील की.

Amit Shah

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दावा किया कि एनडीए जितना मजबूत होगा, बिहार उतना ही समृद्ध होगा. लालू परिवार पर जुबानी हमला करते हुए उन्होंने कहा कि लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव बिहार का विकास नहीं कर सकते हैं. रोहतास जिले के डेहरी में 10 जिलों के चयनित कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि अन्य दलों में नेता चुनाव जीतते हैं, लेकिन भाजपा ऐसी पार्टी है जहां कार्यकर्ता ही चुनाव जीतते हैं.

उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने राजद और उनके सहयोगियों को सरकार चलाने का मौका दिया, लेकिन वहां फिरौती और हत्या जैसी घटनाएं होने लगीं. इससे राज्य की समृद्धि नहीं हो सकती. अगर युवाओं को आगे बढ़ना है और बिहार को विकास की राह पर ले जाना है तो आने वाले चुनाव में एनडीए की सरकार को वोट देकर मजबूत बनाना होगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि इस क्षेत्र की 80 प्रतिशत सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों को जीत दिलाएं.

घुसपैठियों को वोट नहीं मिलना चाहिए

अमित शाह ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा को ‘घुसपैठिये बचाओ यात्रा’ बताया. उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या घुसपैठियों को वोट देने का अधिकार होना चाहिए, क्या उन्हें राशन या आयुष्मान कार्ड मिलना चाहिए? उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि नीतीश कुमार की सरकार ने बिहार के लिए जो काम किए हैं, उनकी जानकारी हर घर तक पहुंचाएं. अमित शाह ने विपक्ष की ओर इशारा करते हुए आगे कहा कि ये लोग अगर सत्ता में आते हैं तो घुसपैठिये बढ़ेंगे.

मुफ्त बिजली और सामाजिक पेंशन को बताया NDA की उपलब्धि

बिहार सरकार की ओर से हाल ही में की गई घोषणाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब 125 यूनिट बिजली मुफ्त दी जा रही है. सामाजिक पेंशन की राशि बढ़ाई गई है. भ्रष्टाचार करने वाले बिहार की भलाई नहीं कर सकते हैं, बिहार का भविष्य एनडीए है. उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार ने जो काम किए, लालू यादव पूरे जीवन में उतना नहीं कर सकते हैं. इन्होंने चारा घोटाला किया, लैंड फॉर जॉब स्कैम किया और जेल में घोटाला किया.

एक ओर भ्रष्टाचार वाली सरकार है और दूसरी तरफ मोदी सरकार है, जिस पर एक भी भ्रष्टाचार के दाग नहीं हैं.

ये भी पढ़ें: पीएम मोदी ने नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री से की बात, कहा- भारत शांति के लिए प्रतिबद्ध

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read