Amit Shah Ladakh Visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार (30 अप्रैल 2026) से केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख के दो दिवसीय दौरे पर हैं. अपने प्रवास के दौरान वे 1 मई को बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर लेह के चोगलमसर (Jive Tsal) में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों के दर्शन करेंगे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. ये पवित्र अवशेष उत्तर प्रदेश के पिपरहवा (प्राचीन कपिलवस्तु) से विशेष प्रदर्शनी के लिए लद्दाख लाए गए हैं, जो 1 से 14 मई तक सार्वजनिक दर्शन के लिए उपलब्ध रहेंगे.
विकास परियोजनाओं की समीक्षा और संवाद
अधिकारियों के अनुसार, अपनी यात्रा के दौरान गृह मंत्री लद्दाख में चल रही महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे. वे केंद्र शासित प्रदेश के प्रमुख नागरिकों और विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से भी बातचीत करेंगे. लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने इस दौरे की जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह यात्रा लद्दाख के सर्वांगीण विकास और यहां की जनता के प्रति भारत सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है.
उप-समिति की बैठक
केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे के बीच गृह मंत्रालय (MHA) ने एक महत्वपूर्ण घोषणा की है. लद्दाख के मुद्दों पर लंबे समय से जारी गतिरोध को समाप्त करने के लिए 22 मई 2026 को एक उच्च स्तरीय उप-समिति की बैठक बुलाई गई है. इस बैठक में लेह एपेक्स बॉडी (LAB) और कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस (KDA) के प्रतिनिधियों के साथ राजनीतिक संवाद होगा. संबंधित पक्षों के बीच आखिरी बैठक 4 फरवरी को नई दिल्ली में हुई थी, और अब करीब साढ़े तीन महीने के अंतराल के बाद संवाद की प्रक्रिया फिर से शुरू हो रही है.
ये भी पढ़ें: ‘नारी विरोधी’ है विपक्ष! महिला आरक्षण पर यूपी में छिड़ेगा ‘गृहयुद्ध’, बुलाया विशेष सत्र
स्थानीय मांगों पर केंद्रित रहेगी चर्चा
लद्दाख में हाल के वर्षों में छठी अनुसूची (Sixth Schedule) में शामिल करने, पूर्ण राज्य का दर्जा और स्थानीय शासन को लेकर मांगें तेज हुई हैं. उपराज्यपाल सक्सेना ने उम्मीद जताई है कि 22 मई की बैठक से लद्दाख के प्रमुख हितधारकों के साथ रचनात्मक लोकतांत्रिक संवाद आगे बढ़ेगा और लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए एक स्थायी समाधान का मार्ग प्रशस्त होगा. स्थानीय संगठनों ने भी गृह मंत्री के इस दौरे से ‘सार्थक संवाद’ की उम्मीद जताई है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



