Bharat Express DD Free Dish

अचानक मुंबई पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह..! एयरपोर्ट पर डिप्टी सीएम ने बांधी राखी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को अचानक मुंबई पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और दोनों डिप्टी सीएम ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया.

मुंबई एयरपोर्ट पर अमित शाह

मुंबई एयरपोर्ट पर अमित शाह को राखी बांधतीं सुनेत्रा पवार

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार को एक बेहद संक्षिप्त और अचानक तय हुए दौरे (Amit Shah Mumbai Visit) पर मुंबई पहुंचे. गुजरात में रक्षाबंधन का पावन पर्व मनाने के बाद मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे गृह मंत्री का स्वागत करने के लिए महाराष्ट्र का पूरा ‘पावर कॉरिडोर’ छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मौजूद रहा.

इस दौरान सबसे भावुक और खास पल तब देखने को मिला जब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की वरिष्ठ नेता और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने एयरपोर्ट पर ही गृह मंत्री अमित शाह का भव्य स्वागत किया और उनके हाथ में रक्षासूत्र (राखी) बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं.

एयरपोर्ट पर बांधी गई राखी(Amit Shah Mumbai Visit)

अहमदाबाद से दोपहर लगभग 1 बजे मुंबई पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत करने के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार खुद एयरपोर्ट पहुंचे. इस मौके पर मुंबई की मेयर रितू तावड़े और मुंबई के प्रभारी मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा भी उपस्थित रहे.

डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार के साथ-साथ मेयर रितू तावड़े ने भी गृह मंत्री अमित शाह को राखी बांधी. सुनेत्रा पवार ने इस आत्मीय क्षण की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर साझा करते हुए लिखा कि देशहित और महाराष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए अमित शाह का मार्गदर्शन हमेशा प्रेरणा देने वाला है.

पारिवारिक कार्यक्रम के लिए आए थे अमित शाह

गृह मंत्री अमित शाह का यह मुंबई दौरा (Amit Shah Mumbai Visit) बेहद संक्षिप्त और व्यक्तिगत था. गृह मंत्रालय और स्थानीय प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, अमित शाह मुंबई के ‘वीर भवन’ में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम (Family Function) में शिरकत करने के लिए आए थे. एयरपोर्ट पर स्वागत समारोह के बाद उन्होंने कार्यक्रम में भाग लिया और दोपहर लगभग 3 बजे वे मुंबई से वापस रवाना हो गए.

बता दें महज दो घंटे के इस छोटे प्रवास के बावजूद एयरपोर्ट पर महाराष्ट्र के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी.

यह भी पढ़ें: ‘दलितों से चप्पल उठवाती है कांग्रेस…’, राहुल गांधी के आरोपों पर BJP का तगड़ा पलटवार, देखें VIDEO

डायबिटीज पीड़ित बच्चों संग मनाया था रक्षाबंधन

उल्लेखनीय है कि गृह मंत्री अमित शाह ने इस बार रक्षाबंधन का मुख्य उत्सव अपने गृह राज्य गुजरात के अहमदाबाद में मनाया था, जहां उन्होंने टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित छोटे बच्चों के साथ समय बिताया और उनसे राखी बंधवाई थी. इसके तुरंत बाद मुंबई पहुंचने पर जिस तरह से महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और नेताओं ने उनका स्वागत किया, उसने रक्षाबंधन के त्योहार के आत्मीय और सांस्कृतिक महत्व को और बढ़ा दिया.

-भारत एक्सप्रेस

 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read