केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पंजाब के मोगा जिले में हुंकार भरने जा रहे हैं. लेकिन पंजाब की धरती पर कदम रखने से पहले ही उन्होंने सूबे की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर तीखा हमला बोलकर सियासी पारा चढ़ा दिया है. शाह ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार को ‘आप-दा’ (आपदा) सरकार करार देते हुए आरोप लगाया कि यह सरकार ‘रिमोट कंट्रोल’ से चल रही है और इसके राज में पंजाब से विकास और कानून-व्यवस्था पूरी तरह गायब हो चुकी है.
अमित शाह (Amit Shah) की यह रैली मोगा के किल्ली चहल गांव में आयोजित की जा रही है, जिसे भाजपा ने ‘बदलाव रैली’ का नाम दिया है.
‘नशे और करप्शन में डूब गया है पंजाब’
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर अपनी पोस्ट के जरिए पंजाब की जनता की नब्ज टटोलने की कोशिश की. उन्होंने लिखा, ‘पंजाब का हर व्यक्ति बदलाव चाहता है, क्योंकि जवानों, किसानों और मेहनतकश लोगों के लिए प्रसिद्ध पंजाब की पवित्र भूमि को आप-दा सरकार ने करप्शन, ड्रग्स और अपराध में डुबो दिया है.’
पंजाब का हर व्यक्ति बदलाव चाहता है।
क्योंकि जवानों, किसानों और मेहनतकश लोगों के लिए प्रसिद्ध पंजाब की पवित्र भूमि को आप-दा सरकार ने करप्शन, ड्रग्स और अपराध में डुबो दिया है। रिमोट कंट्रोल वाली आप-दा सरकार में पंजाब से लॉ एंड ऑर्डर और विकास नदारद हैं।
आज मोगा में @BJP4Punjab की…
— Amit Shah (@AmitShah) March 14, 2026
शाह ने आगे तंज कसते हुए कहा कि रिमोट कंट्रोल से चलने वाली इस सरकार की प्राथमिकताओं में विकास और लॉ एंड ऑर्डर कहीं नजर नहीं आते. उन्होंने मोगा की रैली को लेकर अपना उत्साह जाहिर करते हुए कहा कि वे पंजाब के भाई-बहनों से संवाद करने के लिए पूरी तरह उत्सुक हैं.
भाजपा का विजन: नशा और बेरोजगारी मुक्त पंजाब
रैली की तैयारियों में जुटे भाजपा नेताओं का कहना है कि यह आयोजन महज एक राजनीतिक सभा नहीं, बल्कि पंजाब को एक नई दिशा देने का संकल्प है. पार्टी का दावा है कि इस ‘बदलाव रैली’ के जरिए वे पंजाब को गुंडागर्दी, नशे और बेरोजगारी की बेड़ियों से मुक्त कराने का अपना रोडमैप पेश करेंगे.
भाजपा नेताओं के मुताबिक, पंजाब की जनता अब एक ऐसे विकल्प की तलाश में है जो दिल्ली के बजाय पंजाब के हितों को प्राथमिकता दे. यह रैली उसी ‘अच्छे शासन’ और ‘विकास’ के दृष्टिकोण को जनता के सामने रखने का एक बड़ा मंच साबित होगी.
सड़कों पर भाजपा का दम
रैली को सफल बनाने के लिए पंजाब भाजपा ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है. शुक्रवार को ही ढाका विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक बड़ा ‘फ्लैग मार्च’ निकाला. इस मार्च के जरिए जनता को बदलाव का संदेश दिया गया और उन्हें बड़ी संख्या में किल्ली चहल पहुंचने का न्योता दिया गया.
पूरे मोगा जिले को सुरक्षा के कड़े घेरे में ले लिया गया है और भाजपा कार्यकर्ता इसे राज्य की अब तक की सबसे बड़ी रैलियों में से एक बनाने की कोशिश में जुटे हैं.
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी का असम दौरा: सिलचर में 23,550 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
