Bharat Express DD Free Dish

अमित शाह उत्तराखंड दौरा: गीता प्रेस के मासिक पत्रिका का करेंगे उद्घाटन, हरिद्वार को मिलेगी नई सौगात

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं. ऋषिकेश में गीता प्रेस की ऐतिहासिक ‘कल्याण’ पत्रिका के शताब्दी अंक के विमोचन से लेकर हरिद्वार में पतंजलि के हाई-टेक अस्पताल के उद्घाटन तक, शाह का ये दौरा आध्यात्मिकता और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का एक अनूठा संगम है.

Amit Shah Uttarakhand Visit

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज यानी बुधवार से देवभूमि उत्तराखंड के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे. शाह का यह दौरा सिर्फ प्रशासनिक ही नहीं, बल्कि आध्यात्मिक और सामाजिक नज़रिए से भी बेहद खास माना जा रहा है. ऋषिकेश की गंगा आरती की शांति से लेकर हरिद्वार में आधुनिक अस्पताल के उद्घाटन तक, उनके इस दौरे में परंपरा और प्रगति का एक अनोखा मेल देखने को मिलेगा.

‘कल्याण’ पत्रिका के 100 साल

बुधवार दोपहर करीब 2:45 बजे अमित शाह ऋषिकेश के स्वर्गाश्रम स्थित गीता भवन पहुंचेंगे. जहां वे प्रसिद्ध गीता प्रेस द्वारा प्रकाशित मासिक पत्रिका ‘कल्याण’ के शताब्दी संस्करण के विमोचन समारोह को संबोधित करेंगे.

बता दें कि, कल्याण पत्रिका ने दशकों से देश और विदेश में भारतीय संस्कृति, धार्मिक मूल्यों और नैतिक सिद्धांतों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. इस कार्यक्रम के दौरान, केंद्रीय मंत्री द्वारा गीता प्रेस के ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डालने और पिछले 100 वर्षों में इसकी उपलब्धियों पर चर्ता कर सकते है. शताब्दी समारोह में उनकी उपस्थिति संस्था के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को रेखांकित करती है.

हरिद्वार को मिलेगी सौगात

वहीं, दौरे के दूसरे दिन यानी गुरुवार (22 जनवरी) को हरिद्वार की जनता के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आएगी. सुबह 10:00 बजे अमित शाह पतंजलि योगपीठ के महर्षि दयानंद ग्राम पहुंचेंगे. यहां वे ‘पतंजलि इमरजेंसी एंड क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल’ का लोकार्पण करेंगे.

इस अस्पताल के उद्घाटन से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को काफी मजबूती मिलेगी. साथ ही आसपास के इलाकों में इमरजेंसी सुविधाएं बेहतर होंगी.

शांतिकुंज में अध्यात्म पर जनसभा

अस्पताल के उद्घाटन के तुरंत बाद शाह गायत्री तीर्थ शांतिकुंज का रुख करेंगे. यहां वे ‘अखंड ज्योति’ के दर्शन करेंगे, जो दशकों से अनवरत जल रही है. गायत्री परिवार के सदस्यों के साथ उनकी यह मुलाकात राष्ट्रीय निर्माण में आध्यात्मिक संगठनों की भूमिका को रेखांकित करेगी.

दौरे का सबसे भव्य समापन बैरागी द्वीप पर होगा. यहां माता भगवती देवी शर्मा के जन्म शताब्दी वर्ष और अखंड दीप शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में एक विशाल जनसभा आयोजित की जा रही है. साल 2026 के इस बड़े ‘शताब्दी समारोह’ में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है. अमित शाह यहां से जनता को संबोधित करेंगे. इस संबोधन में उनका फोकस समाज सुधार और भारतीय मूल्यों के संरक्षण पर रहने वाला है.

ये भी पढ़े: WEF 2026: दावोस में अदाणी ग्रुप ने पेश किया भारत के लिए मेगा निवेश प्लान, 6 लाख करोड़ का विजन

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read