Bharat Express DD Free Dish

अमित शाह ने जम्मू में बाढ़ प्रभावित इलाकों का किया दौरा, पीड़ितों को राहत का दिया आश्वासन

Amit Shah Visit Jammu: जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और बाढ़ से जनजीवन प्रभावित है. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने चक मंगू गांव का दौरा कर पीड़ितों को हर संभव मदद और पुनर्वास का आश्वासन दिया.

Amit Shah Visit Jammu

Amit Shah Visit Jammu: जम्मू-कश्मीर में बारिश और बाढ़ ने तबाही मचा रखी है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त है. लोगों को लगातार हो रही बारिश की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को जम्मू में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और पीड़ितों से मुलाकात की. अमित शाह ने उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू के चक मंगू इलाके में बाढ़ प्रभावित गांवों के लोगों से मुलाकात की. इसे लेकर स्थानीय लोगों ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि आज उनकी गृहमंत्री से मुलाकात हुई और उन्होंने आश्वासन दिया कि उन्हें हर संभव राहत राशि उपलब्ध करवाई जाएगी. चक मंगू के एक निवासी ने बताया कि गृहमंत्री आज हमारे इलाके में आए थे. उन्होंने सभी को राहत और पुनर्वास मुहैया कराने का भरोसा दिलाया.

सोशल मीडिया पर शाह ने दी राहत और बचाव कार्यों की जानकारी

अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि जम्मू में हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित चक मंगू गांव का दौरा किया. आपदा मोचन बल राहत एवं बचाव कार्य पूरे जोर-शोर से चला रहे हैं. साथ ही प्रभावित लोगों को चिकित्सा सहायता भी प्रदान कर रहे हैं. मोदी सरकार प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए पर्याप्त उपाय करने के लिए प्रतिबद्ध है.

उन्होंने आगे कहा कि जम्मू में तवी पुल और बाढ़ से हुए नुकसान का निरीक्षण किया. मोदी सरकार प्रभावित लोगों के साथ पूरी तरह खड़ी है और उनकी मदद के लिए हर संभव प्रयास करेगी. इस दौरान उनके साथ जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, विपक्ष के नेता सुनील शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

अमित शाह रविवार की शाम को जम्मू पहुंचे थे, जहां उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और सीएम उमर अब्दुल्ला ने जम्मू एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया था. साथ में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, खुफिया ब्यूरो (आईबी) के निदेशक तपन डेका, बीएसएफ के महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी, एनएचएआई, आईएमडी और कई अन्य सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी भी जम्मू पहुंचे थे.

ये भी पढ़ें: मोदी सरकार बाढ़ पीड़ितों को वित्तीय सहायता प्रदान करना जारी रखेगी: अमित शाह

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read