Bharat Express DD Free Dish

कभी भी स्वाहा हो सकती है बड़ी आबादी! शहडोल का OPM क्यों बना डेंजर सेंटर?

अमलाई OPM क्षेत्र में इंडियन गैस गोदाम के बाहर सैकड़ों लोडेड LPG सिलेंडर खुले में रखे मिले. रिहायशी इलाके और SECL कोल माइंस के पास यह लापरवाही बड़े विस्फोट का खतरा पैदा कर रही है..

रिपोर्ट-अनिल पांडे


शहडोल-अनूपपुर सीमा पर स्थित अमलाई OPM क्षेत्र से सामने आई ये तस्वीरें सिर्फ हैरान नहीं करतीं, बल्कि सिस्टम की घोर लापरवाही भी उजागर करती हैं. दरअसल SECL शारदा माइंस से सटे रिहायशी इलाके में इंडियन गैस गोदाम के बाहर सैकड़ों लोडेड घरेलू गैस सिलेंडर खुले में, आड़े-तिरछे और औंधे हालात में पड़े हुए हैं. बता दें कि नियम-कानून को ताक पर रखकर किया गया यह भंडारण किसी बड़े हादसे को खुला न्योता दे रहा है.

क्या हुआ अमलाई में?

दरअसल अमलाई OPM क्षेत्र  में इंडियन गैस गोदाम के कर्मचारियों  ने सुरक्षा मानकों को पूरी तरह से अनदेखा कर दिया है. कर्मचारी सिलेंडरों को ट्रक से उतार कर गोदाम के बाहर खुले में डाल दे रहे हैं. जिससे देखते ही देखते सिलेंडरों का पहाड़ खड़ा हो गया है. यह पूरा क्षेत्र रिहायशी है, जहां दिनभर आम लोगों, बच्चे और महिलाओं की आवाजाही बनी रहती है. सबसे गंभीर बात यह है कि पास ही SECL शारदा कोल माइंस है, जहां नियमित ब्लास्टिंग होती है. जरा-सी चिंगारी या आग पूरे इलाके को दहला सकती है.

नियमों की उड़तीं खुलेआम धज्जियां

बता दें कि एलपीजी नियम 2016 के तहत खुले में और रिहायशी क्षेत्र में गैस सिलेंडरों का भंडारण पूरी तरह प्रतिबंधित है. इसके बावजूद नियमों की धज्जियां उड़ाई गईं. सिलेंडरों को न तो गोदाम में रखा गया, न ही किसी सुरक्षित जगह पर. यह लापरवाही किसी बड़े विस्फोट या आगजनी को न्योता दे रही है.

खाद्य विभाग ने क्या बताया?

मामले को लेकर खाद्य विभाग के अधिकारी विपिन पटेल ने बताया कि OPM क्षेत्र से सैकड़ों लोडेड घरेलू गैस सिलेंडर की तस्वीरें सामने आ रही हैं. जिसकी टीम द्वारा जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. लेकिन स्थानीय लोगों का सवाल यही है कि क्या वास्तव में कार्रवाई होगी या यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा? पिछले कई मामलों में ऐसा ही होता आया है.

यह भी पढ़ें: नवादा वालों हो जाओ सावधान! आपके घर तो नहीं पहुंची ये नकली दवा; फर्जी मेडिसन के बड़े रैकेट का हुआ भंडाफोड़

आम लोगों में दहशत का माहौल

बताते चलें कि घटना इलाके में दहशत का माहौल बना रही है. लोग पूछ रहे हैं कि क्या कोई बड़ा हादसा होने के बाद ही जागेंगे अधिकारी? एक चिंगारी से पूरा मोहल्ला उड़ सकता है. लोगों का कहना है कि उक्त गैस एजेंसी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं, दोषियों पर जुर्माना और जेल की सजा हो. साथ ही भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो, इसके लिए सख्त निगरानी और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए. क्योंकि एक गलती पूरे इलाके को तबाह कर सकती है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read