रिपोर्ट- तनु चौधरी
दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में शनिवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक जर्जर मकान का छज्जा अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा. हादसे के वक्त 14 साल का एक बच्चा घर के बाहर गली में खेल रहा था और छज्जे की चपेट में आ गया. बच्चे के सिर में गंभीर चोट लगी. गनीमत रही कि समय रहते उसे अस्पताल पहुंचा दिया गया और उसकी हालत अब ठीक बताई जा रही है.
घटना प्रेम नगर गली की है. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 11:30 बजे हुआ. बच्चा रोज की तरह अपने घर के बाहर गली में खेल रहा था. इसी दौरान ऊपर मौजूद मकान का कमजोर और पुराना छज्जा अचानक टूटकर उसके ऊपर गिर गया. अचानक हुए हादसे से आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया.
छज्जा गिरने के बाद बच्चे की मां तुरंत मौके पर पहुंचीं और उसे इलाज के लिए आचार्य भिक्षु अस्पताल ले गईं. डॉक्टरों ने बच्चे के सिर की चोट का इलाज किया. चोट गहरी होने की वजह से उसके सिर में करीब 7 से 8 टांके लगाए गए. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चे को अस्पताल से छुट्टी दे दी. फिलहाल वह अपने घर पर है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
पुलिस और MCD ने संभाला मोर्चा
हादसे की जानकारी मिलते ही दिल्ली पुलिस के साथ MCD के अधिकारी और स्थानीय निगम पार्षद भी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने मकान और आसपास के इलाके का जायजा लिया. चूंकि मकान का हिस्सा पहले ही गिर चुका था और आगे भी खतरा बना हुआ था, इसलिए एहतियात के तौर पर पुलिस ने जर्जर मकान के आसपास सेफ्टी टेप लगाकर रास्ते को घेर दिया.
इस कदम का मकसद यह था कि लोग हादसे वाली जगह के बेहद करीब न जाएं और मकान का कोई और हिस्सा गिरने की स्थिति में किसी को नुकसान न पहुंचे.
पुराने पारिवारिक रिश्ते की वजह से नहीं दर्ज कराई FIR
हादसे के बाद एक अहम बात सामने आई है. बच्चे के परिवार ने पुलिस में किसी तरह की शिकायत या कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया. पुलिस के मुताबिक, परिवार का कहना है कि मकान मालिक के साथ उनके करीब 40 साल पुराने पारिवारिक संबंध हैं.
इसी वजह से परिवार फिलहाल इस मामले को कानूनी विवाद में बदलना नहीं चाहता और उसने FIR दर्ज कराने से भी मना कर दिया है.
यह भी पढ़ें: आयुर्वेद को वैश्विक मंच पर नई ऊंचाई देने की पहल: AIIA और विश्व आयुर्वेद परिषद के बीच बड़ा समझौता
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

