Shivangi Singh Mehendi Ceremony
Shivangi Singh Mehendi Ceremony: बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है. बेटी की शादी को यादगार बनाने के लिए परिवार की ओर से भव्य तैयारियां की गई हैं. इसी बीच मंगलवार रात आयोजित मेहंदी समारोह में एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद मेहमानों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. बेटी की खुशियों में शामिल पूर्व विधायक और मां नीलम देवी का उत्साह देखते ही बन रहा था. मेहंदी रचे हाथों के साथ उन्होंने अपने डांस और खास अंदाज से समारोह में चार चांद लगा दिए.
‘मेहंदी लगा के रखना’ गाने पर झूमीं नीलम देवी
मेहंदी समारोह में बॉलीवुड के मशहूर गाने भी बजाए गए. इस दौरान शाहरुख खान और काजोल की सुपरहिट फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ के आइकॉनिक गाने ‘मेहंदी लगा के रखना’ पर कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति दी. गाना शुरू होते ही नीलम देवी भी खुद को रोक नहीं सकीं. वह अपनी जगह पर बैठे-बैठे ही गाने की धुन पर हाथों और शरीर से डांस के स्टेप्स करने लगीं. उनका यह अंदाज देखकर समारोह में मौजूद महिलाएं भी मुस्कुराने लगीं. नीलम देवी ने काजोल की तरह डांस स्टेप्स करके माहौल को और खुशनुमा बना दिया. इसके अलावा फिल्म ‘हम आपके हैं कौन’ के लोकप्रिय गाने ‘आज हमारे दिल में अजब ये उलझन है’ पर भी उन्होंने डांस किया. बेटी की शादी की खुशी उनके चेहरे और अंदाज में साफ नजर आ रही थी.
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की मेंहदी में पत्नी नीलम देवी ने लगाए ठुमके.. सब दंग रह गए..! https://t.co/e92zwOUgzV
— Sadan Singh (@SadanJee) November 25, 2026
गोल्डन ड्रेस में नजर आईं दुल्हन शिवांगी
समारोह में दुल्हन बनने जा रहीं शिवांगी सिंह गोल्डन ड्रेस में बेहद आकर्षक नजर आईं. उनके साथ तीनों भाई और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे. मेहंदी की रस्म को खास बनाने के लिए पंजाब से महिलाओं को बुलाया गया था, जिन्होंने अपने पारंपरिक डांस से समारोह में रंग जमा दिया. वहीं, कलाकारों ने भी अलग-अलग प्रस्तुतियों से मेहमानों का मनोरंजन किया. पूरे समारोह में परिवार के सदस्यों ने जमकर मस्ती की. मां और बेटी के चेहरे पर शादी की खुशी साफ झलक रही थी. मेहंदी की रस्म के साथ ही घर में शादी को लेकर उत्साह और बढ़ गया.
नदवां गांव में 10 बीघा में तैयार हुआ भव्य पंडाल
शिवांगी सिंह की शादी बुधवार को होनी है. बिहटा के कृष्णानगर से ऋषिकेश कुमार दूल्हा बनकर नदवां गांव पहुंचेंगे. शादी समारोह को भव्य बनाने के लिए गांव में बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं. जानकारी के मुताबिक, करीब 10 बीघा क्षेत्र में विशाल पंडाल तैयार कराया गया है, जहां मेहमानों के स्वागत और भोजन की व्यवस्था की गई है. बारात में करीब 151 गाड़ियों का काफिला आने की तैयारी है. शादी वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न होगी. मेहमानों के लिए सुबह 10 बजे से भोजन की व्यवस्था शुरू करने की योजना है. आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
घुड़दौड़ का रोमांच, विजेता को मिलेगा महिंद्रा थार
शादी समारोह में मेहमानों के मनोरंजन के लिए कई खास इंतजाम किए गए हैं. इनमें सबसे ज्यादा चर्चा घुड़दौड़ प्रतियोगिता की हो रही है. बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर दो बजे से घुड़दौड़ का आयोजन शुरू होगा. इस मुकाबले में हिस्सा लेने के लिए दूसरे राज्यों से भी घोड़े मंगाए गए हैं. प्रतियोगिता को और रोमांचक बनाने के लिए विजेता के लिए महिंद्रा थार गाड़ी इनाम में रखी गई है. ऐसे में घुड़दौड़ देखने के लिए भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है. कुल मिलाकर, शिवांगी सिंह की शादी को यादगार बनाने के लिए परिवार ने पारंपरिक रस्मों के साथ भव्य आयोजन की तैयारी की है. मेहंदी समारोह में नीलम देवी का डांस हो या शादी में होने वाली घुड़दौड़, हर आयोजन इस शादी को खास बना रहा है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




