Bharat Express DD Free Dish

‘कहा था न जल्दी आऊंगा…’; रिहा होते ही दिखे अनंत सिंह के पुराने तेवर, पटना से मोकामा तक जश्न में डूबे समर्थक

बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह पटना की बेउर जेल से रिहा हो गए हैं. दुलारचंद यादव हत्या मामले में बेल मिलने के बाद उनका स्वागत समर्थकों ने फूल-मालाओं और नारों के साथ किया.

Anant Singh

बिहार की राजनीति में छोटे सरकार के नाम से मशहूर और मोकामा के विधायक अनंत सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं. पटना की बेउर जेल से उनकी रिहाई ने समर्थकों के बीच हलचल पैदा कर दी है. दुलारचंद यादव हत्या मामले में पटना हाईकोर्ट से बेल मिलने के बाद, सोमवार को अनंत सिंह जेल की सलाखों से बाहर आ गए.

अनंत सिंह की रिहाई सिर्फ एक कैदी का बाहर आना नहीं, बल्कि एक बड़े शक्ति प्रदर्शन जैसा दिखा. सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच एक सफेद रंग की लैंड क्रूजर गाड़ी सीधे जेल के अंदर तक गई, जिसमें सवार होकर अनंत सिंह बाहर निकले. अनंत सिंह  के बाहर निकलते ही समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया और ‘अनंत सिंह जिंदाबाद’ के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा.

कहा था न, जल्दी आऊंगा- अनंत सिंह

जेल से बाहर आते ही अनंत सिंह के तेवर पुराने वाले ही नजर आए. उन्होंने मीडिया और समर्थकों से मुखातिब होते हुए कहा,

“मैंने अपने लोगों से वादा किया था कि बहुत जल्द बाहर आऊंगा, और देखिए मैं आ गया.”

उन्होंने अपने समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे हमेशा उनके साथ चट्टान की तरह खड़े रहे हैं. साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि वे मंगलवार को बड़हिया जाकर माता के दर्शन करेंगे और आशीर्वाद लेंगे.

पटना से मोकामा तक जश्न की तैयारी

अनंत सिंह की रिहाई का जश्न सिर्फ जेल के बाहर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उनके सरकारी आवास पर इसकी भव्य तैयारी पहले से ही चल रही थी. समर्थकों का मुंह मीठा कराने के लिए लाखों की संख्या में रसगुल्ले और काला जामुन तैयार किया गया हैं. करीब 10 हजार लोगों के खाने का इंतजाम किया गया है. मेन्यू में समोसे से लेकर करीब 10 तरह के लजीज व्यंजन शामिल हैं.

जेल से निकलने के बाद उनका काफिला करीब 6 किलोमीटर तक समर्थकों की भीड़ के साथ धीरे-धीरे आगे बढ़ा. आलम यह था कि करीब 1 किलोमीटर तक उनके चाहने वाले गाड़ी के साथ-साथ पैदल ही चलते रहे.

क्या है आगे का प्रोग्राम?

बताया जा रहा है कि आज दिन भर अनंत सिंह अपने पटना आवास पर समर्थकों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे. उनके आने की खुशी में मोकामा से भी बड़ी संख्या में लोग पटना पहुंच रहे हैं, जिनके लिए ठहरने और खाने-पीने का पुख्ता इंतजाम किया गया है. मंगलवार (24 मार्च) सुबह 8 बजे वे अपने पैतृक क्षेत्र मोकामा के लिए रवाना होंगे, जहां उनके स्वागत में एक और बड़ा कार्यक्रम होने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें- हॉस्टल में शिफ्ट होने के 3 घंटे बाद ही NEET छात्रा की मौत, अररिया की ‘लाडो’ का फंदे से लटका मिला शव

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read