Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

अंडमान को ₹62.29 करोड़ की सौगात: दिगलीपुर में उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने रखी पॉलिटेक्निक की नींव

अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने मंगलवार को दिगलीपुर दौरे के दौरान ₹62.29 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया. उन्होंने मॉरिस टिकरे में राजकीय पॉलिटेक्निक की नींव रखने के साथ उप-जिला अस्पताल का निरीक्षण किया.

Andaman LG Dr Dinesh Sharma Announces And Lays Foundation For 62 Crore Development Projects In Diglipur Reviews Maritime Security

अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने मंगलवार को उत्तर एवं मध्य अंडमान जिले के दिगलीपुर का विस्तृत दौरा कर क्षेत्र के विकास को नई गति दी. हेलीपैड पर पारंपरिक स्वागत के बाद उन्होंने सबसे पहले मॉरिस टिकरे, मधुपुर में ₹11.62 करोड़ की लागत से बनने वाले राजकीय पॉलिटेक्निक की आधारशिला रखी, जिससे स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे. इसके बाद डी.बी. ग्राम में बेली ब्रिज के पास कालपोंग नाले पर भू-कटाव रोकने के लिए ₹97 लाख की गैबियन दीवार का शिलान्यास किया. स्थानीय लोगों की मांग पर उन्होंने प्रस्तावित 100 मीटर के साथ शेष 300 मीटर दीवार का काम भी तत्काल एक साथ पूरा करने तथा बह चुके रास्ते पर किसानों की उपज की ढुलाई के लिए प्राथमिकता से कच्चा मार्ग बनाने के निर्देश दिए.

अस्पताल का औचक निरीक्षण

दौरे के अगले चरण में उपराज्यपाल ने दिगलीपुर उप-जिला अस्पताल का निरीक्षण कर मरीजों से बातचीत की और मौके से ही स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक स्टाफ तैनात करने, दवाइयों की उपलब्धता बनाए रखने व सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए.

इसके अलावा उन्होंने आईएनएस कोहासा के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन मोक्ष कोहली और जिला मजिस्ट्रेट सुशांत पधा के साथ बैठक कर समुद्री सीमाओं से अवैध घुसपैठ और नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय व संयुक्त अभियान चलाने की ठोस कार्ययोजना बनाने को कहा.

जनता दर्शन में ₹49.70 करोड़ की नई योजनाओं का ऐलान

पंचायत समिति हॉल में आयोजित जनता दर्शन में जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए डॉ. शर्मा ने कुल ₹62.29 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात दी. इसमें ₹12.59 करोड़ के शिलान्यास कार्यों के साथ ₹49.70 करोड़ की नई स्वीकृत योजनाएं शामिल हैं.

इनमें सड़क, पुल व राज्य राजमार्गों के लिए ₹27.96 करोड़, ग्रामीण ढांचे के लिए ₹8.60 करोड़, पेयजल के लिए ₹7.42 करोड़ और स्कूल भवनों के लिए ₹4.91 करोड़ आवंटित किए गए हैं. उन्होंने माध्यमिक विद्यालय में बी.ए. व बी.कॉम. की कक्षाएं जल्द शुरू करने और NH-4 समेत अन्य सड़कों के टेंडर पारदर्शी तरीके से शीघ्र पूरे करने के निर्देश दिए. इस मौके पर एसपी विकास स्वामी, विशेष सचिव अपूर्व शर्मा और जिला परिषद अध्यक्ष अलगर स्वामी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: डिगलीपुर में उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने लगाया जनता दर्शन, स्थानीय लोगों की समस्याओं का जाना हाल

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism