अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने मंगलवार, 24 नवंबर को उत्तरी अंडमान स्थित डिगलीपुर का एक दिवसीय दौरा किया. इस महत्वपूर्ण प्रवास के दौरान उन्होंने क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और विकास से जुड़ी कई अहम परियोजनाओं का शिलान्यास किया. उत्तरी अंडमान के दूरदराज इलाकों तक विकास की रोशनी पहुंचाने और स्थानीय स्तर पर सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिहाज से उपराज्यपाल का यह दौरा बेहद खास माना जा रहा है.
अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
अपने दौरे के दौरान डॉ. दिनेश शर्मा ने केवल सरकारी कार्यक्रमों तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि डिगलीपुर के जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से भी सीधा संवाद किया. ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय लोगों ने अपने इलाके की जमीनी हकीकत और रोजमर्रा की चुनौतियों को उपराज्यपाल के सामने रखा.
इस दौरान ग्रामीणों और नागरिकों ने मुख्य रूप से सड़क संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, पर्यटन को बढ़ावा देने और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं व मांगें उठाईं. उपराज्यपाल ने हर व्यक्ति की बात को बेहद गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन समस्याओं के जल्द समाधान व आवश्यक कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए.
प्रस्तावित विकास कार्यों की ली समीक्षा
प्रवास के दौरान उपराज्यपाल ने डिगलीपुर क्षेत्र में पहले से चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और आगामी प्रस्तावित योजनाओं की भी विस्तार से जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि विकास परियोजनाओं में गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि आम जनता को उनका सीधा लाभ मिल सके.
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी उपराज्यपाल के इस सीधे संवाद की सराहना की और उम्मीद जताई कि उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों पर प्रशासन की ओर से जल्द ही ठोस और सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे.
यह भी पढ़ें: ‘बीट गार्ड और डिप्टी रेंजर की मौजूदगी में कैसे पहुंचे ग्रामीण?’: जिलगा जंगल में हाथी को भगाने गए ट्रैक्टर पर हमला
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.







