Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

30.47 करोड़ की धोखाधड़ी मामले में अंगद पाल सिंह गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेजों के जरिए विदेश व्यापार लाभ हासिल करने का आरोप

दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने ₹30.47 करोड़ की धोखाधड़ी में फरार आरोपी अंगद पाल सिंह को गिरफ्तार किया. फर्जी FIRC के जरिए DGFT से ड्यूटी क्रेडिट स्क्रिप्स हासिल किए गए थे.

Delhi Police

दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने 30.47 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी और जालसाजी के एक गंभीर मामले में अंगद पाल सिंह उर्फ अंगद सिंह चांधोक को गिरफ्तार किया है. यह गिरफ्तारी एफआईआर संख्या 12/2017 के तहत की गई है, जो 11 जनवरी 2017 को ICICI बैंक लिमिटेड की शिकायत पर दर्ज की गई थी.

शिकायत में बताया गया था कि 17 फर्मों के 18 खाताधारकों ने ICICI बैंक, नारायणा शाखा में कुल 467 फर्जी विदेशी इनवर्ड रेमिटेंस सर्टिफिकेट (FIRC) जमा किए, जिनके आधार पर बैंक ने बैंक रियलाइजेशन सर्टिफिकेट (BRC) जारी किए. इन सर्टिफिकेट्स का उपयोग कर खाताधारकों ने विदेश व्यापार नीति के तहत महानिदेशालय विदेशी व्यापार (DGFT) से ड्यूटी क्रेडिट स्क्रिप्स का लाभ उठाया.

जांच में सामने आया कि आरोपी अंगद पाल सिंह ने अपने पिता सुरिंदर सिंह और भाई हरसाहिब सिंह के साथ मिलकर पांच कंपनियों—कुमार ट्रेडिंग कंपनी, नेशनल ट्रेडर, ट्राइडेंट ओवरसीज इंडिया, HSC एक्सिम इंडिया और AHC ऑटो स्पेयर्स—का संचालन किया. इन फर्मों के नाम पर फर्जी FIRC बनाकर ₹30.47 करोड़ रुपये के ड्यूटी क्रेडिट स्क्रिप्स प्राप्त किए गए और उन्हें खुले बाजार में बेच दिया गया. यह राशि उन निर्यातों के बदले में दर्शाई गई थी, जिनके लिए वास्तव में कोई विदेशी भुगतान प्राप्त नहीं हुआ था. आरोपी ने यह धोखाधड़ी कॉरपोरेशन बैंक, भीकाजी कामा प्लेस, दिल्ली से जुड़े दिखाए गए फर्जी दस्तावेजों के आधार पर की थी.

आरोपी फरार था और अमेरिका भाग गया था, जहां से उसे सीबीआई ने प्रत्यर्पित कर एक अन्य धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार किया. अब उसे EOW ने 2 जून 2025 को गिरफ्तार किया और न्यायालय से पुलिस हिरासत प्राप्त की. वर्तमान में वह न्यायिक हिरासत में है. मामले में पहले ही तीन अन्य आरोपी गिरफ्तार होकर चार्जशीटेड हो चुके हैं. आर्थिक अपराध शाखा इस बड़े घोटाले की जांच अब भी जारी रखे हुए है.

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital