Bharat Express DD Free Dish

’10 सीटें भी लाए तो राजनीति छोड़ दूंगा’; बरी होने के बाद केजरीवाल ने पीएम मोदी को दिया चैलेंज

आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को दिल्ली आबकारी नीति मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने आज (शुक्रवार) बरी कर दिया.

Arvind Kejriwal

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल.

आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को आज (शुक्रवार) दिल्ली आबकारी नीति मामले में अदालत ने डिस्चार्ज कर दिया है. राउज एवेन्यू कोर्ट ने कहा कि CBI अपने आरोपों को ठोस सबूतों के बिना साबित करने में विफल रही और इस फैसले के साथ ही अब केजरीवाल और सिसोदिया पर से यह मामला हट गया है.

हालांकि, सीबीआई ने ट्रायल कोर्ट के फैसले के बाद सीधे दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है.

कोर्ट ने CBI को लगाया फटकार

अदालत ने कहा कि सीबीआई जो आरोप लगा रही है, उन्हें साबित करने के लिए उसके पास कोई पुख्ता या विश्वसनीय सबूत नहीं हैं. यह जांच एजेंसी के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है. हालांकि, सीबीआई इस फैसले को चुनौती देने के लिए तुरंत दिल्ली हाई कोर्ट पहुंच गई है, लेकिन फिलहाल के लिए ‘आप’ खेमे में जश्न का माहौल है.

‘कांग्रेस किस मुंह से बोल रही है?’- केजरीवाल

कोर्ट से क्लीन चिट मिलने के बाद अरविंद केजरीवाल पूरे जोश में नजर आ रहे है. उन्होंने ना सिर्फ विक्ट्री परेड निकाली, बल्कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में विरोधियों को जमकर आड़े हाथों लिया है. जब उनसे सवाल पूछा गया कि कांग्रेस का आरोप है कि बीजेपी ने उसे (कांग्रेस को) नुकसान पहुंचाने के लिए केजरीवाल को राहत दिलवाई है, तो केजरीवाल बिफर पड़े. उन्होंने कहा,

“किस मुंह से ये बात करते हैं? मुझे जेल भेजा गया, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह जेल गए. क्या राहुल गांधी, सोनिया गांधी या रॉबर्ट वाड्रा जेल गए? कांग्रेसियों को ऐसी बातें करते हुए शर्म आनी चाहिए.”

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भी हमला बोला है. उन्होंने दिल्ली की मौजूदा हालत के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि भाजपा की ‘सत्ता की भूख’ ने दिल्ली की 3 करोड़ जनता को बर्बाद कर दिया है.

उन्होंने एक बड़ा सियासी दांव चलते हुए पीएम मोदी को खुली चुनौती दे डाली. उन्होंने कहा,

“आज मैं मोदी जी को चैलेंज करता हूं, अगर हिम्मत है तो दिल्ली में फिर से चुनाव कराकर देख लीजिए. अगर बीजेपी को 10 से भी ज्यादा सीटें मिल गईं, तो मैं उसी दिन राजनीति छोड़ दूंगा.”

इस मामले में बरी होने के बाद केजरीवाल और सिसोदिया ने अपनी पार्टी की राजनीतिक मजबूती और जनता के समर्थन का संदेश साफ किया. पार्टी का रुख है कि दिल्ली की जनता अब बीजेपी और कांग्रेस दोनों से परेशान हो चुकी है, और AAP ही उनकी समस्याओं का समाधान कर सकती है.

ये भी पढ़ें- ‘मेरे कत्ल की साजिश रची…’, शराब घोटाले में बरी होने पर पहली बार क्या बोले केजरीवाल?

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read