Bharat Express DD Free Dish

‘ये क्या बकवास है, पाकिस्तान के साथ खेलते ही क्यों हो…’ नकवी से ट्रॉफी न लेने पर ओवैसी का सरकार पर हमला

Asaduddin Owaisi On Mohsin Naqvi: एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने इस मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ लगातार सख्त रुख अपनाया हुआ है, तो फिर क्रिकेट में उसके साथ खेलने की इजाजत क्यों दी जा रही है.

asaduddin-owaisi-mohsin-naqvi-womens-asia-cup-trophy-controversy

नकवी से ट्रॉफी न लेने पर ओवैसी का सरकार पर हमला

Asaduddin Owaisi On Mohsin Naqvi: भारतीय महिला क्रिकेट टीम के पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के प्रेसिडेंट मोहसिन नकवी से महिला एशिया कप की ट्रॉफी लेने से इनकार करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. अब एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने इस मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ लगातार सख्त रुख अपनाया हुआ है, तो फिर क्रिकेट में उसके साथ खेलने की इजाजत क्यों दी जा रही है.

ओवैसी ने कहा, ‘व्हाट नॉन्सेंस इज दिस… आप उनके साथ क्यों खेल रहे हैं? जब सिंधु जल संधि को रोक दिया गया है, तो आईसीसी का कॉन्ट्रैक्ट मजबूरी कैसे है?‘

उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ सरकार पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा रुख दिखाती है, वहीं दूसरी तरफ भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को पाकिस्तान के साथ मैचों से टीवी राइट्स के जरिए कमाई करने की अनुमति दी जा रही है.

एआईएमआईएम प्रमुख ने पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए सरकार से सवाल किया कि उन परिवारों के प्रति हमदर्दी क्यों नहीं दिखाई जा रही है, जिन्होंने आतंकवादी हमले में अपने लोगों को खोया है. उन्होंने कहा कि भारत ऐसे देश के साथ क्रिकेट क्यों खेल रहा है, जिस पर आतंकवाद को बढ़ावा देने के आरोप लगते रहे हैं.

महिला एशिया कप फाइनल के बाद बढ़ा विवाद

दरअसल भारत ने रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका को हराकर महिला एशिया कप का खिताब अपने नाम किया. भारतीय टीम ने रिकॉर्ड आठवीं बार यह ट्रॉफी जीती. फाइनल में शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की शानदार बल्लेबाजी के बाद भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका की टीम को 111 रन पर रोक दिया.

हालांकि मैच खत्म होने के बाद ट्रॉफी प्रेजेंटेशन विवादों में आ गया. भारतीय खिलाड़ियों ने ACC प्रेसिडेंट मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया. नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख होने के साथ-साथ ACC के अध्यक्ष भी हैं.

रिपोर्ट्स के मुताबिक BCCI ने टूर्नामेंट के फाइनल से पहले ही ACC को अपने रुख के बारे में बता दिया था. कथित तौर पर बोर्ड ने कहा था कि अगर मोहसिन नकवी ट्रॉफी प्रेजेंटेशन में मौजूद रहते हैं, तो भारतीय टीम उनसे ट्रॉफी स्वीकार नहीं करेगी.

पुरुष टीम के फाइनल में भी हुआ था ऐसा

मोहसिन नकवी को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट के मैदान के बाहर भी पहले से विवाद रहा है. पिछले साल पुरुष एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को हराने के बाद भारतीय टीम ने नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था. इसके बाद BCCI और ACC के बीच भी इस मुद्दे को लेकर तनाव देखने को मिला था.

ये भी पढ़ें- BRICS की सफलता देख लाइन पर आया बांग्लादेश, अब भारत से रिश्ते सुधारने की कही बात

अब महिला एशिया कप के फाइनल में भी ऐसा ही घटनाक्रम सामने आया है. इस मामले ने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान क्रिकेट संबंधों और दोनों देशों के बीच खेलों को लेकर सरकार की नीति पर बहस छेड़ दी है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read