Bharat Express DD Free Dish

पहली बार महिला के हाथ में BMC की कमान, जानें कौन हैं नई कमिश्नर अश्विनी भिड़े?

मुंबई बीएमसी को अपनी पहली महिला प्रमुख मिल गई है. आईएएस अश्विनी भिड़े को नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है. मेट्रो प्रोजेक्ट्स में अपनी धाक जमाने वाली भिड़े अब मुंबई शहर की व्यवस्था संभालेंगी.

Ashwini Bhide IAS New BMC Commissioner

मायानगरी मुंबई के इतिहास में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है. देश की सबसे अमीर महानगरपालिका, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) को अपनी पहली महिला कमिश्नर मिल गई है. 1995 बैच की तेजतर्रार आईएएस अधिकारी अश्विनी भिड़े को मुंबई का नया बीएमसी कमिश्नर नियुक्त किया गया है. ये फैसला इसलिए भी खास है क्योंकि दशकों पुराने बीएमसी के इतिहास में आज तक किसी महिला ने इस सर्वोच्च पद की कमान नहीं संभाली थी. अश्विनी भिड़े वर्तमान कमिश्नर भूषण गगरानी की जगह लेंगी, जिनका कार्यकाल आज यानी 31 मार्च, 2026 को समाप्त हो रहा है.

क्यों अश्विनी भिड़े ही बनीं सरकार की पसंद?

BMC कमिश्नर का पद संभालना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है. मुंबई जैसे शहर की सड़कों, नालों, पानी और करोड़ों के बजट को संभालने के लिए एक ऐसे अधिकारी की जरूरत थी जिसे शहर की रग-रग का पता हो. इस रेस में संजय मुखर्जी और असीम गुप्ता जैसे कई दिग्गज आईएएस (IAS) अधिकारियों के नाम चर्चा में थे, लेकिन अश्विनी भिड़े के अनुभव और उनके काम करने के ‘बुलेट’ अंदाज ने उन्हें सबसे आगे कर दिया.

अश्विनी भिड़े वर्तमान में मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर तैनात थीं. प्रशासन में उनकी पकड़ और मुश्किल प्रोजेक्ट्स को समय पर पूरा करने की उनकी काबिलियत ही उनकी सबसे बड़ी ताकत मानी जाती है.

मुंबई मेट्रो की ‘Iron Lady’ के रूप में पहचान

मुंबईकर अश्विनी भिड़े के नाम से अनजान नहीं हैं. उन्हें मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (MMRCL) की पूर्व प्रबंध निदेशक के रूप में उनके शानदार काम के लिए जाना जाता है. कोलाबा-बांद्रा-सीप्ज (लाइन 3) जैसी जटिल मेट्रो परियोजना को जमीन पर उतारने का श्रेय काफी हद तक उन्हें ही जाता है. बुनियादी ढांचा परियोजनाओं (Infrastructure Projects) को लेकर उनकी समझ बहुत गहरी है, और शायद येी वजह है कि सरकार ने मुंबई के विकास की चाबी उनके हाथों में सौंपी है.

ये भी पढ़ें: ‘सत्य और अहिंसा का मार्ग दिखाती हैं शिक्षाएं’, महावीर जयंती पर पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read