असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने राज्य की दो प्रमुख विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री मोदी को आमंत्रित किया.
नया टर्मिनल अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित
दोनों नेताओं के बीच करीब 20 मिनट तक चली इस बैठक में मुख्यमंत्री सरमा ने प्रधानमंत्री मोदी को गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतर्राष्ट्रीय (एलजीबीआई) हवाई अड्डे के नए टर्मिनल को राष्ट्र को समर्पित करने और नामरूप में 10,601 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले ब्राउनफील्ड अमोनिया-यूरिया कॉम्प्लेक्स की आधारशिला रखने का निमंत्रण दिया.
एलजीबीआई हवाई अड्डे का नया टर्मिनल अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है और इसके चालू होने के बाद गुवाहाटी को एक प्रमुख विमानन केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी. यह टर्मिनल सालाना 1.3 करोड़ से अधिक यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा, जिससे पूर्वोत्तर क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी को बड़ी बढ़त मिलेगी.
वहीं, नामरूप अमोनिया-यूरिया परिसर के निर्माण से पूर्वोत्तर क्षेत्र में उर्वरकों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित होगी, जिससे क्षेत्र के कृषि क्षेत्र को विशेष लाभ मिलेगा.
प्रमुख विमानन केंद्र के रूप में होगी स्थापित
मुख्यमंत्री सरमा ने बैठक के बाद कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की सहमति के लिए आभारी हूं. हम उनके असम आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
उन्होंने बाद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात का सौभाग्य प्राप्त हुआ. हमने उन्हें असम के लोगों को दो प्रमुख परिवर्तनकारी परियोजनाएं समर्पित करने के लिए आमंत्रित किया है.”
उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा कि पहली, गुवाहाटी के एलजीबीआई हवाई अड्डे का बिल्कुल नया टर्मिनल. यह अत्याधुनिक परियोजना गुवाहाटी को एक प्रमुख विमानन केंद्र के रूप में स्थापित करेगी और शहर को 1.3 करोड़ से अधिक यात्रियों को संभालने के लिए सुसज्जित करेगी.
दूसरी, नामरूप में 10,601 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित ब्राउन फील्ड अमोनिया-यूरिया परिसर की आधारशिला रखी गई. यह परियोजना पूरे पूर्वोत्तर के लिए महत्वपूर्ण उर्वरक आपूर्ति सुनिश्चित करेगी.
ये भी पढें: नीतीश कुमार ने पीएम मोदी के आशीर्वाद से बिहार को ‘हीरा’ दिया है: भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

