Bharat Express DD Free Dish

‘आधी रात में दहला दिल्ली का आजादपुर’ व्यापारी की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या

दिल्ली की आजादपुर मंडी में हरा धनिया व्यापारी मोहम्मद आलम की हेलमेट पहने 3 बदमाशों ने 7 गोलियां मारकर हत्या कर दी. हमलावरों में एक महिला भी शामिल थी.

Azadpur Mandi Delhi Merchant Shot Dead By 3 Helmet Wearing Attackers Bharat Express

Delhi Crime: देश की सबसे बड़ी फल और सब्जी मंडी यानी आजादपुर मंडी में देर रात बेखौफ बदमाशों ने खूनी वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी. मंडी के अंदर कारोबार करने वाले एक हरा धनिया व्यापारी की तीन हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां मारकर निर्मम हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से पैदल ही फरार हो गए.

मृतक व्यापारी की पहचान जहांगीरपुरी निवासी मोहम्मद आलम के रूप में हुई है, जो लंबे समय से आजादपुर मंडी में हरा धनिया बेचने का काम करते थे.

हेलमेट पहनकर आए बदमाश

यह खौफनाक वारदात बीती रात करीब 2 बजे की है. रोज की तरह मोहम्मद आलम मंडी में अपने कारोबार के सिलसिले में मौजूद थे. इसी दौरान सिर पर हेलमेट लगाए तीन अज्ञात लोग पैदल चलते हुए उनके पास पहुंचे. प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन तीन हमलावरों में दो युवक और एक महिला शामिल थी.

आलम जब तक कुछ समझ पाते, हमलावरों ने अपनी पिस्टल निकालकर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. बदमाशों ने एक-दो नहीं, बल्कि करीब 7 गोलियां आलम के शरीर में उतार दीं. गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरी मंडी में हड़कंप मच गया और आलम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

जांच में जुटी पुलिस

वारदात की सूचना मिलते ही आदर्श नगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है.

आजादपुर जैसी सुरक्षा व्यवस्था से लैस और व्यस्त मंडी में देर रात हुई इस हत्या ने सुरक्षा पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस मंडी के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों के आने और भागने के रूट का पता लगाया जा सके.

हत्या की वजह रहस्यमयी

हत्याकांड के पीछे की असली वजह क्या है, यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है. पुलिस रंजिश, लेन-देन के विवाद और निजी दुश्मनी समेत सभी एंगलों से मामले की जांच कर रही है. मृतक के परिजनों और आसपास के साथी व्यापारियों से भी पूछताछ की जा रही है.

यह भी पढ़ें: UPI से लेकर 7.8% ग्रोथ तक… पीएम मोदी ने दुनिया को गिनाई भारत की ताकत

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read