Bharat Express DD Free Dish

बालाघाट में ‘पुल’ पर दंगल! एक छोर पर भाजपा, दूसरे पर कांग्रेस ने काटा फीता; श्रेय की जंग में पुलिस से भिड़े

Balaghat Politics Over Pull: बालाघाट के वारासिवनी में ओवरब्रिज उद्घाटन पर भाजपा और कांग्रेस के बीच भारी हंगामा हुआ. दोनों दलों ने अलग-अलग छोर से पुल का लोकार्पण किया. पुलिस और कांग्रेसियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई.

Balaghat Politics Over Pull

Balaghat Politics Over Pull: बालाघाट/विदेंद्र: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के वारासिवनी में नवनिर्मित रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का उद्घाटन शनिवार को एक हाई-वोल्टेज राजनीतिक ड्रामे में तब्दील हो गया. विकास के इस प्रोजेक्ट पर अधिकार जताने के लिए भाजपा और कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे इलाके में भारी तनाव फैल गया. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा और धक्का-मुक्की के बीच ओवरब्रिज के दोनों छोरों से अलग-अलग उद्घाटन कर दिया गया.

एक पुल, दो उद्घाटन: श्रेय लेने की होड़ (Waraseoni Balaghat Overbridge Inauguration)

वारासिवनी ओवरब्रिज पर आज गजब का नजारा दिखा. पुल के एक छोर पर भाजपा के दिग्गज नेता, सांसद, पूर्व मंत्री और जिलाध्यक्ष मौजूद थे, जिन्होंने विधि-विधान से इसे अपनी सफलता बताते हुए जनता को समर्पित किया. भाजपा नेताओं का कहना है कि यह उनकी सरकार की उपलब्धि है और मुख्यमंत्री जल्द ही इसका विधिवत लोकार्पण करेंगे.

वहीं, पुल के दूसरे छोर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा. पूर्व मंत्री प्रदीप जायसवाल के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने दावा किया कि इस प्रोजेक्ट की नींव उनकी सरकार के समय रखी गई थी और फंड भी उन्होंने ही आवंटित करवाया था.

सियासी वार-पलटवार (Balaghat Politics)

  • भाजपा का पक्ष: “यह ओवरब्रिज भाजपा सरकार की विकासवादी सोच का नतीजा है. कांग्रेस केवल श्रेय लेने की राजनीति कर रही है.”
  • कांग्रेस का पक्ष: “हमारी सरकार ने इस ओवरब्रिज को मंजूरी दिलाई थी. प्रशासन भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहा है और विपक्ष की आवाज दबा रहा है.”

पुलिस और कांग्रेसियों के बीच धक्का-मुक्की (BJP vs Congress In Balaghat)

उद्घाटन के दौरान प्रशासन और कांग्रेसियों के बीच तीखी झड़प देखने को मिली. कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन पक्षपात कर रहा है और उन्हें कार्यक्रम स्थल तक जाने से जबरन रोका गया. इस दौरान विधायक विवेक पटेल और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई. विधायक पटेल ने आरोप लगाया कि प्रशासन खुलेआम भाजपा नेताओं का समर्थन कर रहा है, जिसके बाद विवाद और गहरा गया.

ये भी पढ़ें: ‘आगजनी करो, संपत्ति जलाओ’, बिजनौर से सऊदी-अफ्रीका तक भारत विरोधी नेटवर्क, गिरफ्त में उवैद-जलाल

भारी पुलिस बल तैनात

तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी और टकराव को रोकने के लिए प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी. प्रशासन का कहना है कि वे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि शांति व्यवस्था भंग न हो.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read