बच्चे की खौफनाक हत्या
Begusarai 5 Year Old Boy Killed: बेगूसराय/रवि शंकर शर्मा: बिहार के बेगूसराय जिले से बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई हैं. जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने महज पांच साल के एक मासूम बच्चे की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी है. हैवानियत की हदें पार करते हुए उन्होंने बच्चे के शरीर को पांच अलग-अलग टुकड़ों में काटकर बांध के किनारे फेंक दिया था. सनसनीखेज वारदात के सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत फैली हुई है. बच्चे के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
6 दिन पहले हुआ था लापता (Child murdered in Begusarai)
मृतक मासूम की पहचान मोहम्मद शकील के पांच वर्षीय बेटे मोहम्मद सोफियान (Mohammad Sofian Begusarai) के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि 17 सितंबर की दोपहर करीब तीन बजे सोफियान अपने घर के पास स्थित कब्रिस्तान के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था, तभी वह अचानक लापता हो गया.
परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने आसपास के तमाम इलाकों में उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद तेघड़ा थाने पहुंचकर बच्चे की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस और परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहे थे.
बांध के किनारे मिला क्षत-विक्षत शव
घटना के छह दिन बाद यानी 22 सितंबर की दोपहर करीब 12 बजे पुलिस को सूचना मिली कि घर से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित बांध के किनारे एक बच्चे का क्षत-विक्षत शव पड़ा है. सूचना मिलते ही तेघड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुँची और परिजनों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराई. परिजनों ने क्षत-विक्षत शव की पहचान लापता सोफियान के रूप में की.
मासूम के शरीर को कई हिस्सों में अलग कर दिया गया था, जिससे साफ जाहिर होता है कि हत्यारों ने बेहद क्रूरतापूर्ण तरीके से इस घटना को अंजाम दिया है. सोफियान का परिवार पहले दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था, लेकिन बीमारी के कारण करीब छह महीने पहले ही परिवार गांव वापस लौटा था और बच्चे का निजी अस्पताल में इलाज भी चल रहा था. चार भाई-बहनों में सोफियान तीसरे नंबर पर था.
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार (Begusarai child murder news)
फिलहाल तेघड़ा पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर इस नृशंस हत्याकांड के पीछे किसकी साजिश है और हत्या की असल वजह क्या थी. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और घटना से जुड़े अन्य रहस्यों का खुलासा हो सकेगा.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


