Bihar News: बेगूसराय जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह अज्ञात अपराधियों ने कपड़ा व्यवसायी मोहम्मद शहजाद की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना परबंदा बाबा स्थान के पास हुई, जब शहजाद अपनी बाइक से पिपरा दौदराज गांव से वीरपुर स्थित दुकान जा रहे थे. अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया और हथियार लहराते हुए फरार हो गए.
पुलिस की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही वीरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आपसी विवाद से जुड़ा लग रहा है. पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
जदयू नेता की भी हत्या
इससे एक दिन पहले बुधवार को बेगूसराय के छौड़ाही थाना क्षेत्र में जदयू नेता नीलेश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. अपराधी उनके घर में घुस गए और ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं. नीलेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जाता है कि अपराधी तीन बाइक पर सवार होकर आए थे.
ये भी पढ़ें-पहले ब्राह्मण बेटी अब हाईकोर्ट! IAS संतोष वर्मा ने फिर ‘जहर’ उगला; वीडियो वायरल
कानून व्यवस्था पर सवाल
लगातार हो रही हत्याओं को लेकर विपक्ष ने सरकार पर सवाल उठाए हैं. राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि NDA सरकार के दौरान भी हत्या का सिलसिला जारी था और अब भी वही हालात हैं. उन्होंने दावा किया कि नई सरकार बनने के कुछ ही दिनों में 50 से अधिक हत्याएं हो चुकी हैं. यादव ने कहा कि अपराधी किसी जाति या धर्म का नहीं होता है, इसलिए कानून व्यवस्था को दुरुस्त करना सरकार की जिम्मेदारी है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



