Begusarai Volleyball Player Shot
Begusarai Volleyball Player Shot: बेगूसराय में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक राष्ट्रीय स्तर के वॉलीबॉल खिलाड़ी की गोली मार दी. अपराधियों ने उन्हें दो गोलियां मारी हैं. ये पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. इस मामले को लेकर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक सोमवार को वॉलीबॉल खिलाड़ी गोविंद कुमार अपनी मोटरसाइकिल की सर्विसिंग कराने के बाद हर-हर महादेव चौक से रतनपुरा की तरफ जा रहे थे. जब वो नगर थाना क्षेत्र के ममता होटल के पास पहुंचे थे, तभी पीछे से आए तीन अपराधियों ने उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगते ही सड़क पर गिर पड़े. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है.
वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अपराधी चलते वाहन से ही पीछे से गोली मारते हैं. गोली मारने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए और फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो जाते हैं.

2 साल पहले भी हुई थी गोलीबारी
प्राथमिक जानकारी के अनुसार इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है. बताया जा रहा है कि 2 साल पहले भी गोविंद पर फायरिंग की गई थी, जिसमें वो बाल-बाल बच गया था.
साल 2025 में आयोजित खेलो इंडिया गेम्स में गोविंद कुमार बिहार वॉलीबॉल टीम के कप्तान थे. उनकी कप्तानी में टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर ब्रॉन्ज मेडल जीता था.

ये भी पढ़ें- बेनकाब हुआ ईरान! जंग की आग में झोंके बच्चे; कितने सुरक्षित बाल अधिकार? उड़ी UN कन्वेंशन की धज्जियां
सीसीटीवी के आधार पर अपराधियों की हो रही पहचान
घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोली लगने से घायल खिलाड़ी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान शुरू कर दी है. उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
बेगूसराय में दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना ने बिहार में एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं. फिलहाल मामले की तफ्तीश जारी है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

