Bharat Express DD Free Dish

‘धान रोपकर घर लौट रहे थे मजदूर, रास्ते में बिछ गए कफन…!’ ग्वालियर हाईवे पर भीषण हादसे में 8 की मौत, 25 घायल

मध्य प्रदेश के भिंड में NH-719 पर ट्रक और मजदूरों से भरी पिकअप की भीषण टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई और 25 से ज्यादा घायल हुए. मजदूर डबरा से धान की रोपाई कर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी स्थित अपने घर लौट रहे थे.

मध्य प्रदेश के नेशनल हाइवे-719 पर बीती रात एक ऐसा खौफनाक और दिल दहला देने वाला हादसा (Bhind Road Accident) हुआ, जिसने भी सुना उसकी रूह कांप गई! भिंड के गोहद चौराहा थाना क्षेत्र में छीमक गांव के पास धान की रोपाई करके अपने घर लौट रहे यूपी के बेकसूर मजदूरों से भरी पिकअप गाड़ी को सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया.

हाईवे पर बैठी गायों को बचाने के चक्कर में हुई इस भीषण टक्कर के बाद मजदूरों से भरा लोडिंग वाहन हवा में उछलकर पलट गया. इस दर्दनाक हादसे में 8 मजदूरों की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई, जबकि 25 से ज्यादा लोग खून से लथपथ होकर सड़कों पर तड़पते मिले. घटना की खबर मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया.

आधी रात कयामत का मंजर, 8 जिंदगियां खाक

यह भीषण हादसा नेशनल हाइवे-719 पर आधी रात को पेश आया. उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के रहने वाले ये मजदूर डबरा के चनोर इलाके से धान की रोपाई का काम निपटाकर अपने घर खुशी-खुशी लौट रहे थे. किसी को अंदाजा भी नहीं था कि मंजिल तक पहुंचने से पहले ही यमराज रास्ते में घात लगाए बैठा है. ट्रक और पिकअप की टक्कर इतनी भयानक थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और 8 मजदूरों की सांसें वहीं थम गईं.

गायों को बचाने के चक्कर में भिड़े दो वाहन(Bhind Road Accident)

पुलिस अधिकारी राम महेश यादव के अनुसार, हादसा हाईवे पर अचानक सामने आई गायों को बचाने के प्रयास में हुआ. रफ्तार तेज होने के कारण वाहन चालक संतुलन खो बैठा और सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक से सीधी और जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर लगते ही पिकअप सड़क पर कई बार पलटी, जिससे उसमें सवार मजदूर दूर-दूर तक जा गिरे और चीख-पुकार से पूरा हाईवे थर्रा उठा.

ये भी पढ़ें-नितिन नवीन की नई टीम का ऐलान, वसुंधरा राजे को उपाध्यक्ष पद मिला, स्मृति ईरानी को बड़ी जिम्मेदारी

लखीमपुर खीरी लौट रहे थे मजदूर

हादसे(Bhind Road Accident) में जीवित बचे एक बदहवास मजदूर ने रोते हुए बताया कि वे सब कई दिनों की कड़ी मेहनत के बाद धान रोपाई का काम पूरा कर अपने गांव लौट रहे थे. सब अपने परिवार से मिलने की खुशी मना रहे थे कि अचानक सामने से आए ट्रक ने उनके वाहन को उड़ा दिया. आँखों के सामने अपने साथियों को दम तोड़ते देख हर किसी की रूह कांप गई और हाईवे पर चारों तरफ खून और बिखरा सामान नजर आने लगा.

अस्पताल में घायलों का तांता

हादसे की सूचना मिलते ही गोहद थाना पुलिस और एंबुलेंस का काफिला मौके पर पहुंचा. राहगीरों की मदद से लहूलुहान पड़े 25 घायलों को तुरंत गोहद अस्पताल पहुंचाया गया. कई मजदूरों के सिर और छाती में गंभीर चोटें आई हैं. अस्पताल में स्ट्रेचर पर तड़पते घायलों का इलाज जारी है, जिनमें से कुछ की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. डॉक्टरों की विशेष टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read