RD Prajapati controversial statement: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित एससी-एसटी ओबीसी महासम्मेलन के दौरान बीजेपी के पूर्व विधायक आरडी प्रजापति ने ऐसा बयान दे दिया जिसने सियासी हलचल मचा दी. उन्होंने कथावाचकों रामभद्राचार्य और अनिरुद्धाचार्य का नाम लेकर उन पर महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक बातें करने का आरोप लगाया. प्रजापति ने कहा कि देश में कुछ बाबा ऐसे हैं जो लाखों की भीड़ में बैठकर बहन-बेटियों को गाली देते हैं और समाज में गलत संदेश फैलाते हैं.
रामभद्राचार्य पर तीखी टिप्पणी
प्रजापति ने खास तौर पर रामभद्राचार्य के उस बयान पर नाराजगी जताई जिसमें उन्होंने WIFE का फुल फॉर्म “वंडरफुल इंस्ट्रूमेंट फॉर एंजॉय” बताया था. इस टिप्पणी को महिला विरोधी बताते हुए प्रजापति ने बेहद कठोर शब्दों का इस्तेमाल किया. उन्होंने कथावाचक की माता का नाम लेकर अपमानजनक टिप्पणी की और उन्हें ‘अभद्रा’ कहकर संबोधित किया.
अनिरुद्धाचार्य को लेकर भी भड़ास
इसी कार्यक्रम में प्रजापति ने कथावाचक अनिरुद्धाचार्य पर भी हमला बोला. हाल ही में अनिरुद्धाचार्य ने 25 साल की युवतियों को लेकर विवादित बयान दिया था, जिस पर महिला संगठनों और आम जनता ने नाराजगी जताई थी. उसी मुद्दे को उठाते हुए प्रजापति ने कहा कि ऐसे संतों को सख्त सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने यहां तक कह दिया कि ऐसे लोगों को जूतों की माला पहनाकर नंगा घुमाना चाहिए ताकि समाज को सबक मिले.
सोशल मीडिया पर हंगामा
प्रजापति का यह वीडियो इंटरनेट पर आते ही तेजी से वायरल हो गया. लोगों ने उनके बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी और सोशल मीडिया पर बीजेपी नेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग शुरू हो गई. कई यूजर्स ने कहा कि इस तरह की भाषा किसी जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देती.
बहन-बेटियों को ‘प्लॉट’ बताने पर आलोचना
अपने भाषण में प्रजापति ने एक और विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि आजकल बहन-बेटियां प्लॉट की तरह हो गई हैं, जिनकी बार-बार रजिस्ट्री कराई जा सकती है. इस बयान ने आग में घी डालने का काम किया और लोगों की नाराजगी और बढ़ गई.
आरडी प्रजापति का राजनीतिक सफर
आरडी प्रजापति ने 2013 में बीजेपी के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीता था. इसके बाद 2018 में पार्टी ने उनके बेटे राजेश प्रजापति को टिकट दिया, जो विधायक बने और 2023 तक पद पर रहे. बाद में आरडी प्रजापति ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया. 2024 में उन्होंने टीकमगढ़ से लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन हार का सामना करना पड़ा.
ये भी पढ़ें-‘मतलबी औरत है..’, प्रतीक यादव का विस्फोटक पोस्ट, अपर्णा यादव से तलाक का ऐलान; मुलायम परिवार में भूचाल
आरडी प्रजापति के ताजा बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है. जहां एक तरफ उन्होंने कथावाचकों की महिला विरोधी टिप्पणियों पर सवाल उठाए, वहीं उनकी खुद की भाषा और उदाहरणों ने उन्हें विवादों के घेरे में ला खड़ा किया है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
