Bharat Express DD Free Dish

बीएचयू कैंपस बना जंग का मैदान; बिड़ला और रुइया हॉस्टल के छात्रों में पत्थरबाजी

बीएचयू में गुरुवार शाम जन्माष्टमी के पुराने विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हुआ. लाठी-डंडों और पत्थरों के बीच घिरे कैंपस को संभालने के लिए पीएसी बुलानी पड़ी. चीफ प्रॉक्टर का डंडा लेकर छात्रों को समझाने वाला वीडियो चर्चा में है.

BHU Violence, Varanasi News, Student Clash BHU, BHU Campus Clash

BHU Campus Clash: बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) एक बार फिर अखाड़ा बन गई है. गुरुवार की शाम बीएचयू कैंपस में छात्रों के दो गुटों के बीच ऐसी भिड़ंत हुई कि पत्थरबाजी और लाठी-डंडों के शोर से पूरा परिसर दहल उठा. बिड़ला और रुइया हॉस्टल के छात्र आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते बवाल इतना बढ़ गया कि कई थानों की पुलिस और पीएसी को मोर्चा संभालना पड़ा.

पुरानी रंजिश ने सुलगाई आग

हंगामे की जड़ पिछले साल की जन्माष्टमी से जुड़ी है. पुलिस के मुताबिक, उस वक्त हुए एक विवाद की कसर गुरुवार को निकाली गई. मामला तब बिगड़ा जब रुइया हॉस्टल में रहने वाले पीजी छात्र पीयूष तिवारी की बिड़ला हॉस्टल के कुछ लड़कों ने बेरहमी से पिटाई कर दी. इस हमले में पीयूष का सिर फट गया. जैसे ही यह खबर हॉस्टल्स में फैली, बिड़ला ए और सी ब्लॉक के छात्र चेहरे पर कपड़ा बांधकर लाठी-डंडों के साथ सड़कों पर उतर आए. जवाब में रुइया हॉस्टल के भी सैकड़ों छात्र बाहर निकल आए और दोनों तरफ से जमकर पत्थर चले.

हेलमेट पहनकर मैदान में उतरे चीफ प्रॉक्टर

इस पूरे बवाल के बीच बीएचयू के नवनियुक्त चीफ प्रॉक्टर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में दिख रहा है कि चीफ प्रॉक्टर खुद हेलमेट लगाकर और हाथ में डंडा थामे छात्रों को ‘समझाने’ के लिए आगे बढ़ रहे थे. हालांकि, अनुभवी सुरक्षाकर्मियों ने हालात की गंभीरता को देखते हुए उन्हें बीच में ही रोक लिया. शांति बहाली के बाद चीफ प्रॉक्टर ने तीन हॉस्टलों में सघन तलाशी अभियान चलाया और बाहर से आकर अवैध रूप से रह रहे लड़कों को वहां से खदेड़ा.

ये भी पढ़ें- भारत-बांग्लादेश सीमा सुरक्षा पर कलकत्ता हाईकोर्ट का बड़ा आदेश, 31 मार्च तक BSF को जमीन सौंपे राज्य सरकार

30-40 अज्ञात लोगों पर FIR दर्ज

लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि घायल छात्र पीयूष तिवारी की शिकायत पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. पुलिस ने दर्शित पांडेय, श्वेताभ, अरुण, शशांक सिंह, रोशन मिश्रा और विश्वजीत यादव सहित 30-40 अज्ञात छात्रों के खिलाफ बलवा, मारपीट और धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है.

डीसीपी काशी गौरव बंशवाल और एडीसीपी सरवणन टी. ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया. फिलहाल कैंपस में तनाव तो है, लेकिन शांति बनी हुई है. प्रशासन का कहना है कि उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read