Begusarai School Accident: बिहार के बेगूसराय से एक ऐसी खबर आई है जिसने हर किसी का दिल दहला दिया है. स्कूल, जिसे बच्चे का दूसरा घर कहा जाता है, वहीं एक मासूम की जान चली गई. बछवाड़ा प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय, जहानपुर में बुधवार की सुबह एक भयानक हादसा हुआ, जहां स्कूल की भारी-भरकम ग्रिल के नीचे दबने से आठवीं कक्षा के छात्र मुन्ना कुमार की मौके पर ही मौत हो गई.
कैसे हुआ यह खौफनाक हादसा?
मृतक मुन्ना कुमार, जिसके पिता भूलो यादव हैं, रोज की तरह सुबह करीब 8 बजे स्कूल पहुंचा था. वह अपनी क्लास में दाखिल होने ही वाला था कि अचानक मौत ने उसे घेर लिया. जैसे ही उसने क्लास का दरवाजा खोला, वहां किनारे रखी गईं लोहे की 6 भारी ग्रिल एक-एक कर उसके ऊपर गिर पड़ीं.
बताया जा रहा है कि इन ग्रिलों का वजन 3 क्विंटल से भी ज्यादा था. मासूम का सिर उन भारी ग्रिलों के नीचे दब गया और उसने वहीं दम तोड़ दिया.
ग्रामीणों में भरा गुस्सा
इस घटना के पीछे स्कूल प्रशासन और ठेकेदार की बड़ी लापरवाही सामने आ रही है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, स्कूल परिसर में लाइब्रेरी का काम चल रहा है. ठेकेदार ने अपनी सुविधा के लिए भारी-भरकम ग्रिल उसी क्लास में रखवा दी थीं, जहां बच्चे पढ़ाई करते हैं. सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे और ग्रिल को सही तरीके से टिकाया भी नहीं गया था.
जैसे ही हादसे की खबर फैली, स्कूल में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के बाद कई शिक्षक मदद करने के बजाय स्कूल छोड़कर भाग निकले. गुस्साए लोगों ने स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक अमित कुमार और निर्माण कार्य में लगे एक कर्मचारी को बंधक बना लिया. लोगों का गुस्सा इतना ज्यादा था कि पुलिस की मौजूदगी में ही उनकी पिटाई कर दी गई, जिसके बाद पुलिस बड़ी मुश्किल से उन्हें वहां से निकाल पाई.
ये भी पढ़ें- छत्तीसगढ़: 19 मई को 4 राज्यों के सीएम के साथ सजेगा दरबार, नक्सलवाद के ताबूत में आखिरी कील ठोकने आ रहे अमित शाह?
सड़क जाम और प्रशासनिक हलचल
अपने बच्चे को खोने के बाद परिजनों का बुरा हाल है. इंसाफ की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने मुन्ना के शव के साथ मंसूरचक-बछवाड़ा मार्ग को जाम कर दिया है. मौके पर तेघड़ा के एसडीएम और डीएसपी कृष्ण कुमार भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे हुए हैं. डीएसपी ने आश्वासन दिया है कि मामले की पूरी जांच की जा रही है, हेडमास्टर और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


