आज बनेगा पहले चरण का चक्रव्यूह
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का प्रचार अभियान मंगलवार शाम 6 बजे थमने वाला है. इसके बाद 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर 6 नवंबर को मतदान होगा. प्रचार के अंतिम घंटों में सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है, खासकर भाजपा के फायरब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बड़हिया में हुंकार भरेंगे. प्रचार थमते ही सभी उम्मीदवार अब घर-घर जनसंपर्क और बूथ मैनेजमेंट की सूक्ष्म रणनीतियों में जुट जाएंगे. इस चरण में 3.75 करोड़ से अधिक मतदाता 1314 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे, जिसके लिए चुनाव आयोग ने नेपाल सीमा सील करने और सशस्त्र सुरक्षा बलों की तैनाती जैसे कड़े इंतजाम किए हैं.
हर पार्टी ने बूथवार रणनीति फाइनल कर ली है. किस बूथ पर कौन पोलिंग एजेंट बैठेगा, वोटरों को लाने-ले जाने का काम कौन करेगा, पंचायत लेवल पर निगरानी कौन रखेगा. ये सब तय है. मतदान के दिन हर कार्यकर्ता की ड्यूटी फिक्स है. मंगलवार शाम से बुधवार रात तक डोर-टू-डोर कैंपेन चलेगा, खासकर नाराज वोटरों को साधने पर फोकस रहेगा.
योगी की हुंकार, चिराग-उपेंद्र की जोड़ी दिखाएगी दम
प्रचार के आखिरी दिन बड़े नेताओं का दौरा भी है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बड़हिया में सभा करेंगे. हिंदुत्व के नाम पर वोटरों को एकजुट करने की कोशिश होगी. खास बात ये कि बड़हिया इलाके से राम मंदिर आंदोलन में शहीद हुए कुछ लोग थे. योगी उस भावना को छूने की कोशिश करेंगे. इसी विधानसभा क्षेत्र के हलसी में चिराग पासवान और उपेंद्र कुशवाहा भी सभा करेंगे. दोनों नेता अपने-अपने गठबंधन के लिए वोट मांगेंगे.
Bihar Election पहले चरण का पूरा अंकगणित
- 3.75 करोड़ वोटर
- 1.98 करोड़ पुरुष
- 1.77 करोड़ महिलाएं
- 758 थर्ड जेंडर
- 45 हजार बूथ बनाए गए हैं
- 8608 शहरी बूथ
- 36,733 ग्रामीण बूथ
- 1314 कैंडिडेट मैदान में हैं
- 1192 पुरुष प्रत्याशी
- 122 महिलाएं उम्मीदवार
चुनाव आयोग अलर्ट, बॉर्डर सील
चुनाव आयोग ने पूरी तैयारी कर ली है. EVM और वीवीपैट का रैंडमाइजेशन हो चुका है, मशीनें बूथों को आवंटित कर दी गई हैं. पोलिंग पार्टियां जल्द ही बूथों के लिए रवाना होंगी. सुरक्षा के मोर्चे पर नेपाल बॉर्डर सील है. हर बूथ पर सशस्त्र बल तैनात रहेंगे. तीन लेयर की सिक्योरिटी रिंग बनी है. 1049 चेकपोस्ट पर चेकिंग चल रही है और अब तक 1005 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. बिहार की सियासत में अगले 24 घंटे निर्णायक हैं. प्रचार थमने के बाद असली खेल बूथ पर होगा.
ये भी पढ़ें: RJD के पोस्टर से लालू गायब! तेजस्वी यादव पर पीएम मोदी का तीखा हमला; ‘कौन-सा पाप है’ जो छुपा रहे हो?
Bihar Election 2025 में अपने क्षेत्र का उम्मीदवार जानने के लिए यहां क्लिक करें
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार समाप्त होने के साथ ही नेता घरों तक जाकर मतदाताओं को गोलबंद करने का प्रयास करेंगे. मतलब अब, 6 नवंबर को होने वाले मतदान से पहले की रातें उम्मीदवारों के लिए घर-घर संपर्क और बूथ मैनेजमेंट के लिए समर्पित होंगी. नेपाल सीमा सील करने और तीन-स्तरीय सुरक्षा चक्र बनाने सहित चुनाव आयोग द्वारा किए गए कड़े सुरक्षा इंतजाम यह सुनिश्चित करते हैं कि 18 जिलों की 121 सीटों पर निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान हो सके.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

