Bihar Journalist Pension: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पत्रकारों को लेकर बड़ा ऐलान किया है. बिहार में पत्रकार पेंशन योजना के तहत पत्रकारों को मिलने वाले पेंशन को ढाई गुना बढ़ा दिया गया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ऐलान किया है कि अब पात्र पत्रकारों को 15 हजार रुपये की मासिक पेंशन दी जाएगी. पहले पत्रकारों को 6 हजार रुपये पेंशन के तौर पर मिलते थे. नीतीश कुमार ने यह जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर की.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पत्रकारों के परिजनों को लेकर भी बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि बिहार में पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत पेंशन प्राप्त कर रहे पत्रकारों की मौत होने पर उनके आश्रित पति या पत्नी को जीवन भर प्रति माह 10 हजार रुपये दिए जाएंगे.
मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत अब सभी पात्र पत्रकारों को हर महीने 6 हजार रू॰ की जगह 15 हजार रू॰ पेंशन की राशि प्रदान करने का विभाग को निर्देश दिया है। साथ ही बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के अंतर्गत पेंशन प्राप्त कर रहे पत्रकारों की…
— Nitish Kumar (@NitishKumar) July 26, 2025
पहले पत्रकारों के आश्रितों को मिलते थे 3 हजार रुपये
बता दें कि, पहले बिहार में पेंशन प्राप्त कर रहे पत्रकारों की मौत होने पर उनके आश्रितों को 3 हजार रुपये दिए जाते थे. जिसमें अब 7 हजार रुपये की बढ़ोतरी का बिहार के मुख्यमंत्री ने ऐलान किया है.
लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं पत्रकार
नीतीश कुमार ने कहा कि, लोकतंत्र में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है. वे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और सामाजिक विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
पत्रकार निष्पक्ष होकर करें पत्रकारिता
बिहार के मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, पत्रकारों की सुविधाओं का हमलोग शुरू से ख्याल रख रहे हैं, ताकि वे निष्पक्ष होकर अपनी पत्रकारिता कर सकें और सेवानिवृत्ति के उपरांत एक सम्मानजनक जीवन यापन कर सकें.
नीतीश कुमार ने 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने का भी किया है ऐलान
बता दें कि, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, इससे पहले बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवाओं को दी जाने वाली पेंशन राशि को भी बढ़ा चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने बिहारवासियों को 125 यूनिट हर महीने मुफ्त बिजली देने का भी ऐलान किया है. 2025 के अंत में बिहार में विधानसभा चुनाव होने हैं. जिसको लेकर नीतीश कुमार लोगों को राहत देने के लिए कई घोषणाएं कर रहे हैं.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


