Bihar MVI wife murder case
Bihar MVI wife murder case: कटिहार से सुपौल तक चर्चित रहे विद्युतकर्मी देवकुमार गुंजन हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है. करीब 34 दिनों तक चली जांच के बाद सामने आया कि इस ब्लाइंड मर्डर केस की मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि मृतक की पत्नी समिता कुमारी थी, जो सुपौल में मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (MVI) के पद पर तैनात है. पुलिस के मुताबिक, समिता ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या के लिए सुपारी किलर को हायर किया था.
पत्नी से मिलने निकले, लेकिन मौत ने रास्ते में घेर लिया
जानकारी के अनुसार, देवकुमार गुंजन जम्मू में विद्युत विभाग में कार्यरत थे. पत्नी से मिलने के लिए वह जनसाधारण एक्सप्रेस से बिहार लौट रहे थे. 11 जून को मानसी रेल थाना क्षेत्र के बदला घाट के पास चलती ट्रेन में उन्हें बेहद करीब से गोली मार दी गई. गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
34 दिन तक उलझी रही ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी
वारदात के बाद पुलिस के सामने कोई प्रत्यक्ष गवाह या ठोस सुराग नहीं था. मामला पूरी तरह ब्लाइंड मर्डर बन चुका था. इसके बाद रेल एसपी के नेतृत्व में एसआईटी (SIT) और एसटीएफ (STF) की संयुक्त टीम गठित की गई. जांच के दौरान मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला गया. इन्हीं कड़ियों ने पुलिस को साजिश के असली मास्टरमाइंड तक पहुंचा दिया.
यह भी पढ़ें: लौट आया मानसून का रौद्र रूप! आज 22 राज्यों में भारी बारिश का हाई अलर्ट; IMD ने जारी की चेतावनी
अवैध संबंध बने हत्या की वजह
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि समिता कुमारी का जहानाबाद निवासी अजीत कुमार के साथ प्रेम संबंध था. पुलिस के अनुसार, दोनों अपने रिश्ते में देवकुमार को सबसे बड़ी बाधा मानते थे. इसी वजह से पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई.
सुपारी देकर चलती ट्रेन में कराई हत्या
जांच एजेंसियों के मुताबिक, समिता और अजीत ने मिलकर राजू कुमार उर्फ धीरज नामक शूटर को सुपारी दी. आरोपी को देवकुमार की यात्रा और लोकेशन की पूरी जानकारी दी गई. इसके बाद चलती ट्रेन में गोली मारकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया.
तीनों आरोपी गिरफ्तार, कई अहम सबूत बरामद
पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में समिता कुमारी, अजीत कुमार और शूटर राजू कुमार उर्फ धीरज को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किए हैं. पूछताछ में तीनों ने हत्या की साजिश और वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है. मामले में अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश जारी है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




