Samastipur Waterspout Viral Video: बिहार में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम बना हुआ है. इस बीच हैरान करने वाला प्राकृतिक दृश्य सामने आया है. इसे देखकर हर कोई दंग रह गया है. आम तौर पर अमेरिका, कनाडा या समुद्रों में दिखाई देने वाला ‘वाटरस्पाउट’ यानी जल बवंडर समस्तीपुर जिले में भी देखा गया है.
मोहिउद्दीननगर प्रखंड क्षेत्र में 26 सितंबर को आसमान और पानी के बीच घूमता हुआ यह बवंडर कैमरे में कैद हो गया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है.
हाथी की सूंड जैसी आकृति (Waterspout Like Elephant Trunk)
स्थानीय लोगों के मुताबिक, अचानक बादलों से नीचे की ओर एक कीप जैसी घूमती हुई आकृति बनती दिखाई दी. पानी की सतह से लेकर सीधे आसमान के बादलों तक फैले इस रहस्यमयी स्तंभ को देखकर ग्रामीण हैरान रह गए. कई लोगों ने इसे अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद कर लिया.
बिहार में दिखा जल का बवंडर यह अमरीका और कनाडा में देखा जाता है और हाथी की सूड की तरह दिखता है। यह बिहार के समस्तीपुर जिला अंतर्गत मोहड्डीनगर प्रखंड का वीडियो बताया जा रहा है. pic.twitter.com/pSrTkdwCNA
— Shyamdatt (@ShyamDatt_C) September 28, 2026
इस अनोखे दृश्य को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. कई बुजुर्ग इसे पारंपरिक रूप से ‘हथिया नक्षत्र’ के दौरान बनने वाली विशेष हवाओं से जोड़कर देख रहे हैं, क्योंकि इसकी बनावट हाथी की सूंड जैसी होती है.
क्या होता है वाटरस्पाउट? (What Is Waterspout)
मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए इस प्राकृतिक घटना पर अपनी जानकारी साझा की है. मौसम विभाग के अनुसार, इस तरह की घटना को जल बवंडर या वाटरस्पाउट (Waterspout) कहा जाता है. यह पानी की सतह के ऊपर बनने वाला हवा का एक तेजी से घूमता हुआ स्तंभ होता है, जो देखने में कीप जैसा नजर आता है और इसका ऊपरी सिरा बादलों से जुड़ा होता है.
ये भी पढ़ें: ‘रीढ़ की हड्डी देखो…’, शहजाद पूनावाला की ऑन-कैमरा पिटाई, वायरल हुआ राइज एंड फॉल का वीडियो
विशेषज्ञों का कहना है कि इसके अंदर दिखने वाला अधिकांश पानी नीचे से ऊपर नहीं खिंचता, बल्कि बादलों के भीतर होने वाली संघनन प्रक्रिया से बनने वाली बारिश की बूंदें इसे यह खास आकृति देती हैं. जल बवंडर मुख्य रूप से दो प्रकार के होते हैं. पहला तूफानी जो काफी विनाशकारी होता है, और दूसरा सामान्य मौसम वाला जो तट या जमीन से टकराते ही कमजोर होकर समाप्त हो जाता है. मोहिउद्दीननगर में दिखा यह बवंडर क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद असामान्य और कौतूहल का विषय बना हुआ है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



