Bihar Viral Video: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर आम हिंदुस्तानी का सीना गर्व से चौड़ा हो जाएगा. मामला बिहार का है, जहां भीषण गर्मी के बीच जनता ने ‘वीआईपी संस्कृति’ (VIP Culture) की ऐसी धज्जियां उड़ाईं कि पुलिस और प्रशासन के हाथ-पैर फूल गए. अक्सर देखा जाता है कि किसी नेता या अफसर की गाड़ी निकलने के नाम पर आम जनता को सड़कों पर घंटों कीड़ों-मकोड़ों की तरह रोक दिया जाता है, लेकिन इस बार पब्लिक ने मूड बना लिया था कि वो ये तमाशा और नहीं सहेगी.
जब 47 डिग्री पारे में उबला जनता का खून
वायरल वीडियो के मुताबिक, बिहार में आसमान से आग बरस रही थी और पारा 47 डिग्री के आसपास मंडरा रहा था. ऐसी जानलेवा धूप में किसी ‘VIP साहब’ के आने का रूट लगा दिया गया और ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों की गाड़ियों को रेंगने के लिए भी रोक दिया. दोपहिया वाहनों पर सवार लोग, एम्बुलेंस, दफ्तर जाने वाले और जरूरी काम से निकले आम लोग भयंकर उमस और गर्मी में बिलबिला उठे.
घंटों इंतजार करने के बाद जब लोगों के सब्र का बांध टूटा, तो किसी एक ने नहीं, बल्कि पूरी सड़क पर मौजूद सैकड़ों गाड़ियों ने एक साथ हॉर्न बजाना शुरू कर दिया. इस सामूहिक ‘हॉर्न अटैक’ की आवाज इतनी जोरदार थी कि पूरा इलाका गूंज उठा.
बिहार में 47 डिग्री धूप में जनता को घंटों रोक दिया VIP साहब के आने के नाम पर। लोग तंग आ गए, एक साथ हॉर्न बजाने लगे। पुलिस के हाथ-पैर फूल गए। आखिर में VIP मूवमेंट का तमाशा बंद करके रास्ता खोलना पड़ा।
देशभर में ऐसे ही होना चाहिए। चोर VIP संस्कृति का यही जवाब है। जनता अब जाग रही… pic.twitter.com/CVH1jYCxeE
— कल्पना श्रीवास्तव 🇮🇳 (@Lawyer_Kalpana) May 23, 2026
पुलिस के फूले हाथ-पैर
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जनता का यह आक्रोश देखकर मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के पसीने छूट गए. हॉर्न का शोर और लोगों का गुस्सा इस कदर बढ़ा कि पुलिस को समझ आ गया कि अगर अब रास्ता नहीं खोला गया, तो कानून-व्यवस्था संभालना नामुमकिन हो जाएगा. आखिरकार, जनता के इस जबरदस्त एकता के आगे सिस्टम को घुटने टेकने पड़े. वीआईपी मूवमेंट के नाम पर लगाए गए सारे बैरिकेड्स हटाने पड़े और रास्ता तुरंत खोलना पड़ा.
ये भी पढ़ें- ‘Heatwave’ का कहर: तेलंगाना 16 लोगों की मौत, दिल्ली-NCR जल रहा आसमान, UP के 60 जिलों में रेड अलर्ट
सोशल मीडिया पर तारीफों के पुल
जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर आया, यह आग की तरह फैल गया. लोग इस वीडियो को जमकर शेयर कर रहे हैं और बिहार की जनता की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, “देशभर में अब ऐसा ही होना चाहिए. इस बदसूरत वीआईपी कल्चर का यही एकमात्र इलाज है.” वहीं दूसरे यूजर का कहना था, “जनता अब जाग चुकी है, टैक्स हम दें और सड़क पर धूप में हम मरें, ये अब नहीं चलेगा.”
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

